Bihar Top News Today 07 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 07 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

राजद के पूर्व प्रत्याशी ने दिया इस्तीफा

मधुबनी। बिहार की राजनीति में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को मधुबनी विधानसभा क्षेत्र से एक बड़ा झटका लगा है। राजद के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मो. असलम अंसारी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र बिहार प्रदेश राजद अध्यक्ष को भेजकर इस बात की आधिकारिक जानकारी दी है। उनके इस अचानक कदम से मधुबनी सहित पूरे राज्य की सियासत में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। ​अपने इस्तीफे के पीछे मो. असलम अंसारी ने पार्टी के भीतर कार्यकर्ताओं की अनदेखी और राजनीतिक हिस्सेदारी की कमी को मुख्य वजह बताया है। प्रदेश अध्यक्ष को भेजे गए अपने पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया है कि पार्टी के संस्थापक लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में सभी वर्गों और समुदायों के कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी मिलती थी। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया है कि मौजूदा समय में राजद के भीतर वह पुरानी कार्यशैली और सभी वर्गों को जोड़ने का माहौल अब संभव नहीं रह गया है।

हथियार के दम पर बैकिंग कर्मी से लूटपाट

मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी नगर परिषद क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मंगलवार को कांटी थर्मल पावर प्लांट से प्रखंड चौक जाने वाले मार्ग पर रातल मैदान के समीप अपराधियों ने एक निजी बैंकिंग कर्मी को अपना निशाना बनाया। हथियार के बल पर हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। ​पीड़ित बैंकिंग कर्मी अमित कुमार ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि वह अपने कार्य के सिलसिले में उक्त मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान 2 से 3 अज्ञात अपराधी अचानक आ धमके। अपराधियों ने उन्हें पिस्टल दिखाकर रोक लिया और करीब एक लाख तीस हजार नकदी के अलावा उनका टैबलेट, अन्य जरूरी सामान और उनकी मोटरसाइकिल भी जबरन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।

अनंत सिंह को मनाने की कोशिशें नाकाम

पटना। बिहार की राजनीति में जदयू (JDU) के भीतर चल रहा अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के तमाम प्रयासों के बावजूद, बाहुबली नेता और जदयू विधायक अनंत सिंह ने बगावत का रुख अख्तियार कर रखा है। एमएलसी चुनाव में पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी के खिलाफ जाकर अनंत सिंह लगातार जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन कर रहे हैं। ​हाल ही में 5 अक्टूबर को ललन सिंह ने यह दावा किया था कि उन्होंने अनंत सिंह से बातचीत कर ली है और अब वह इस विवाद पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं देंगे। हालांकि, इस वादे के महज 48 घंटे के भीतर ही राजनीतिक समीकरण बदलते दिखे। अनंत सिंह ने पार्टी लाइन से हटकर जन सुराज पार्टी के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह की जीत सुनिश्चित करने के लिए सड़क पर उतरकर मोर्चा संभाल लिया है।

गैस सिलेंडर ब्लास्ट हादसे में महिला की मौत

पटना। ​बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ स्थित ईसापुर इलाके में मो. शहाब के तीन मंजिला मकान में किराए पर रहने वाले मो. मन्नान के घर में बुधवार दोपहर खाना बनाने के दौरान एलपीजी गैस सिलेंडर में भीषण ब्लास्ट हो गया। इस अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। हादसे मेंकिरायेदार की 45 वर्षीय पत्नी रेहाना खातून की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। ​चूल्हा जलाते ही सिलेंडर ने आग पकड़ ली और कुछ ही पलों में यह भीषण आग पूरे घर में फैल गई। आग इतनी भयानक थी कि रेहाना खातून को संभलने या बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। पति मो. मन्नान ने अपनी पत्नी को बचाने की असफल कोशिश की, जिसमें उनका हाथ भी बुरी तरह झुलस गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 8 से 10 गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

पुलिस दीदी को थप्पड़ मारने वाला आरोपी फरार

पटना के रामकृष्णा नगर इलाके में नीट (NEET) की तैयारी करने वाले एक छात्र गुलाम अली ने ड्यूटी पर तैनात ‘पुलिस दीदी’ को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जबकि पुलिस उसके दो साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। ​वायरल वीडियो के तूल पकड़ने के बाद पटना पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने आरोपी के दो साथियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हालांकि, मुख्य आरोपी गुलाम अली अभी भी फरार चल रहा है, जो पटना में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रहा था।

घूस लेते छपरा में टैक्स कलेक्टर गिरफ्तार

छपरा। छपरा नगर निगम में रिश्वतखोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां टैक्स कलेक्टर के पद पर तैनात एक कर्मचारी ने अपने ही नगर आयुक्त रंजीत कुमार को पीले लिफाफे में रिश्वत देने की कोशिश की। हालांकि, नगर आयुक्त ने रिश्वत लेने के बजाय इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। दरअसल शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत टक्कर मोड सलापतगंज निवासी टैक्स कलेक्टर असगर अली अंसारी के खिलाफ भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के कई मामले विचाराधीन थे और विभागीय कार्रवाई चल रही थी। विभागीय कार्रवाई से खुद को बचने की कोशिश में असगर अली एक पीला लिफाफा लेकर कार्यालय पहुंचे और नगर निगम में कार्यरत एक कर्मचारी को पीला लिफाफा थमाते हुए कहा कि, इसे नगर आयुक्त के हाथ में दे दिया जाए। उक्त कर्मचारी ने जब उनसे पूछा कि इस लिफाफे में क्या है? तो असगर अली ने झांसा देते हुए से कहा पटना हाई कोर्ट से जुड़े कुछ अति महत्वपूर्ण कागजात हैं।

पीएम, अमित शाह और CEC ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला

पटना। बिहार की राजनीति में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर सरगर्मी चरम पर है। महाठबंधन ने चुनाव प्रक्रिया में कथित धांधली और वोट चोरी के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इसी कड़ी में आज (7 अक्टूबर) को पूरे बिहार के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार आक्रोश मार्च निकाला जा रहा है।

नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या

भोजपुर। दहेज की लालसा ने एक हंसती-खेलती जिंदगी को हमेशा के लिए शांत कर दिया। जिले के सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के देव पोखरा गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान देव पोखरा गांव निवासी हरेंद्र कुमार साह की 21 वर्षीया पत्नी निभा कुमारी के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और मृतका के घर में कोहराम मचा हुआ है।

करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

नालंदा। जिले के सारे थाना क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से 38 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जीरायन नदी के समीप सड़क जाम कर दिया, जिससे जिससे करीब 30 मिनट के लिए यातायात प्रभावित रहा। मृतक की पहचान गोड़वा गांव निवासी 38 वर्षीय सुलेंदर यादव, पिता कपिल यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने कहा कि सुलेंदर यादव खेत में खाद डालने के लिए गए थे। खेत से लौटने के दौरान रास्ते में लटका हुआ 11 हजार वोल्ट का बिजली तार उनके संपर्क में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

KBC में अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करेंगी मुखिया ज्योति कुमारी

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के केसरिया प्रखंड की मठिया पंचायत के लिए आज गौरव का दिन है। पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी को देश के लोकप्रिय टीवी कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला है। 7 अक्टूबर को मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में ज्योति कुमारी सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करेंगी। खास बात यह है कि मठिया पंचायत में हुए विकास कार्यों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी कार्यक्रम में दिखाई जाएगी। केसरिया की मठिया पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी ने पंचायत में विकास, पारदर्शिता और बेहतर कार्यप्रणाली को लेकर किए गए प्रयासों से अपनी अलग पहचान बनाई है। अब उनके कार्यों की चर्चा राष्ट्रीय मंच पर होने जा रही है। KBC के विशेष कार्यक्रम में बिहार से मुखिया के रूप में ज्योति कुमारी को आमंत्रित किया गया है।