कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
आज के कार्यक्रम
जदयू कार्यालय में जनसुनवाई
पटना: आज जनता दल यूनाइटेड (जदयू) राज्य कार्यालय में विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12:00 बजे से प्रदेश के मंत्रीगण कार्यालय में उपस्थित रहकर आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनेंगे। इस दौरान लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। पार्टी ने अधिक से अधिक लोगों से पहुंचकर अपनी समस्याएं साझा करने को कहा है।
कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस
पटना: बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 2:00 बजे शुरू होने वाली इस प्रेस वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। इस दौरान प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक हालातों, जनहित से जुड़े मुद्दों और पार्टी की आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस दौरान विपक्ष की ओर से कुछ बड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा जा सकता है।
राजद कार्यालय प्रेस कॉन्फ्रेंस
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्य कार्यालय में आज दोपहर 1:00 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया है। इस प्रेस वार्ता में राजद के प्रदेश अध्यक्ष विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इस दौरान पार्टी नेताओं द्वारा राज्य के ताजा सियासी घटनाक्रम, जनसमस्याओं और सरकार की नीतियों पर तीखी प्रतिक्रिया दिए जाने की उम्मीद है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है।
गर्दनीबाग धरना स्थल पर छात्रों का प्रदर्शन
पटना: राजधानी के गर्दनीबाग धरना स्थल पर आज भी छात्रों का विरोध प्रदर्शन और अनशन जारी रहेगा। दोपहर 2:00 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर छात्र लगातार मुखर हैं। आंदोलनकारी छात्रों का मुख्य कहना है कि वे अब केवल मौखिक आश्वासनों पर भरोसा नहीं करेंगे और सरकार से अपनी मांगों को लेकर लिखित गारंटी की मांग पर अड़े हुए हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और एहतियात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


