सुपौल में आस्था और भक्ति का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक के पास एनएच-327ई किनारे स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप मंगलवार की रात ग्रामीण पूरी श्रद्धा के साथ कीर्तन में तल्लीन थे। कोई नहीं जानता था कि कुछ ही पलों में उनके लिए मौत इस कदर अनियंत्रित होकर दौड़ी चली आएगी। तेज रफ्तार फोर व्हीलर वाहन ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सीधे कीर्तन कर रहे लोगों को रौंदते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन करीब 50 मीटर दूर जाकर एक दुकान में जा घुसा, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

​तीन ने मौके पर तोड़ा दम, तीन जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे

​इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान वार्ड संख्या-12 के रहने वाले तिलाई दास (65) और राजू दास (50) के अलावा वार्ड संख्या-15 के सुरेंद्र यादव (45) के रूप में हुई है। वहीं, इस भयावह दुर्घटना में तीन अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी पहचान वार्ड-11 के भुवनेश्वरी यादव, रामचंद्र यादव और वार्ड-13 के कृष्ण मोहन साह के रूप में हुई है। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

​प्रशासनिक अमला सक्रिय, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

​घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ। एक साथ तीन मौतों की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। इस गंभीर घटना को संज्ञान में लेते हुए जिला पदाधिकारी (डीएम) सावन कुमार ने तुरंत एसडीएम को घटनास्थल पर मुआयना करने के लिए भेजा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं ताकि दोषियों पर उचित कार्रवाई की जा सके।