Bihar Top News Today 25 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 25 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

पटना में छात्र प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज

पटना। टीआरई-4 शिक्षक भर्ती समेत अन्य कई मांगों को लेकर पटना में आज विभिन्न संगठनों के छात्र सीएम आवास का घेराव करने के लिए सड़क पर उतरे। छात्र गांधी से होते हुए डाकबंगला चौराहे के पास पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया। हालांकि इस दौरान हालात उस समय बिगड़ गए, जब कुछ छात्रों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। बदले में पुलिस ने भी छात्रों पर लाठीचार्ज करते हुए भीड़ को खदेड़ने का काम किया। इस दौरान प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लाठीचार्ज के दौरान कुछ पुलिसकर्मी प्रदर्शन में शामिल एक छात्र को पीटते और उसे घसीटते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान युवक पुलिस के सामने हाथ जोड़ता हुआ और उनसे छोड़ने की अपली करता हुआ नजर आ रहा है। हालांकि पुलिस उसे वहां से उठाकर बस में बैठाने के लिए लेकर चली गई।

पटना में नर्सिंग स्टूडेंट्स पर लाठीचार्ज, दौड़कर पीटा

पटना। राजधानी पटना के लिए आज का दिन का छात्रों के हंगामे का दिन रहा। एक तरफ जहां टीआरई -4 समेत अन्य भर्तियों की मांग को लेकर छात्र सीएम आवास का घेराव करने निकले। इस दौरान पुलिस ने उनपर लाठियां बरसाईं और वाटर कैनन का प्रयोग किया। वहीं, दूसरी तरफ आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में भी छात्रों का जमकर हंगामा देखने को मिला है।
छात्रों ने सेमेस्टर की परीक्षा में देरी, रिजल्ट में गड़बड़ी, सेशन लेट होने समेत अन्य शिकायतों को लेकर विश्वविद्यालय के अंदर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान छात्रों ने पुलिस कर्मियों पर भी हमला बोल दिया। किसी तरह पुलिसकर्मी अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा। पटना के मीठापुर में भी नर्सिंग की पढ़ाई करने वाले सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए और करीब 2 घंटे से अधिक समय तक मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। छात्रों का आरोप है कि उनका सेमेस्टर लेट चल रहा है। वहीं दूसरे सेमेस्टर में मार्क्स कटौती को लेकर भी उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की।

विद्यार्थी सहयोग शिविर का CM ने किया उद्घाटन

सहरसा। बिहार सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में एक और क्रांतिकारी कदम उठाते हुए ‘सात निश्चय-3’ के अंतर्गत ‘उन्नत शिक्षा, उज्जवल भविष्य’ की संकल्पना को साकार करने के लिए एक विशेष पहल की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के आदर्श विद्यालयों के लिए अत्याधुनिक इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस योजना से सुदूर ग्रामीण अंचलों में पढ़ने वाले बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक सीधी पहुंच मिलेगी। ​इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत शुरुआत में सहरसा जिले के सभी 10 प्रखंडों में नवस्थापित 15 ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ (आदर्श विद्यालयों) के छात्र-छात्राओं को जोड़ा गया है। उद्घाटन के दौरान सहरसा के जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ-साथ इन आदर्श विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। प्रशासन का मानना है कि इस योजना से जिले के शैक्षणिक ढांचे में एक सकारात्मक बदलाव आएगा।

तेजप्रताप ने पवन सिंह को लफुआ बताया

पटना के ज्ञान भवन में आयोजित रियलिटी शो भोजपुरी बवाल के ग्रैंड फिनाले के दौरान राजनीति और मनोरंजन जगत का अनोखा संगम देखने को मिला। इस भव्य कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव, और बीजेपी एमएलसी सह पावर स्टार पवन सिंह सहित कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान तीखी बयानबाजी और सियासी चर्चाओं ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। ​कार्यक्रम के दौरान आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव ने भोजपुरी के पावर स्टार और बीजेपी एमएलसी पवन सिंह पर जमकर निशाना साधा। तेज प्रताप ने दावा किया कि कुछ कलाकार शराब का सेवन करते हैं और मंच के पीछे नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने सीधे तौर पर पवन सिंह का नाम लेते हुए उन्हें ‘लफुआ’ तक कह दिया। तेज प्रताप ने कहा कि अगर निष्पक्ष रूप से जांच और अल्कोहल टेस्ट कराया जाए, तो सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि वे अभी सत्ता में हैं और सत्ता का पूरा आनंद ले रहे हैं। इसके साथ ही तेज प्रताप ने यह भी दावा किया कि उन्हीं की लोकप्रियता और काम की वजह से यह रियलिटी शो दर्शकों के बीच हिट साबित हो रहा है।

उफान पर गंगा नदी

मोकामा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंजीरा दियारा इलाके में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने विकराल रूप धारण कर लिया है। नदी का पानी रिहायशी इलाकों में घुस आने से बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि एक हजार से अधिक स्थानीय नागरिकों को अपने आशियाने छोड़ने पड़े हैं। लोग अपने मवेशियों और जरूरी सामान को समेटकर नावों के जरिए सुरक्षित ठिकानों की तरफ पलायन करने को मजबूर हो चुके हैं। ​गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण जंजीरा दियारा के कई हिस्सों में बाढ़ का पानी भर गया है। इससे पूरे क्षेत्र का जनजीवन पूरी तरह से पटरी से उतर गया है। ग्रामीण मुख्य रूप से नावों के सहारे मोकामा की तरफ जाने को विवश हैं। विस्थापित हो रहे कई परिवार अपने मवेशियों के साथ-साथ बिस्तर, चौकी, किताबें और अन्य घरेलू सामान सिर और नावों पर लादकर सुरक्षित स्थानों की तलाश में निकल रहे हैं।

RTPS कार्यालय में पैसे लेने का वीडियो वायरल

मोतिहारी। जिले के सुगौली नगर पंचायत स्थित आरटीपीएस (RTPS) कार्यालय का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सरकारी सेवाओं की पारदर्शिता और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। ​सुगौली नगर पंचायत के आरटीपीएस कार्यालय में आवासीय प्रमाण पत्र और उससे जुड़े अन्य कागजात तैयार कराने के नाम पर कथित तौर पर अवैध रूप से पैसे लेने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक महिला द्वारा कथित रूप से पैसे दिए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि महिला नकद राशि दे रही है, जबकि इससे पहले डिजिटल माध्यम से भी राशि ट्रांसफर किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस वायरल वीडियो में दिखाई जा रही राशि और उसके लेन-देन की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

ऑनलाइन लोन की ठगी करने वाले 7 अपराधी गिरफ्तार

Bihar News: नवादा की वारिसलीगंज पुलिस ने ऑनलाइन लोन के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दरअसल पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने कल 24 अगस्त को 3 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करते हुए इन 7 साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 15 एंड्रॉयड फोन भी बरामद किया है।

संपत्ति विवाद में डबल मर्डर

मुजफ्फरपुर। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र से तीन महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए लैपटॉप कारोबारी मनोज भगत (48) और उनकी पत्नी मीनू देवी (45) की गुमशुदगी का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। संपत्ति के विवाद में मनोज के ही छोटे भाई अविनाश उर्फ अनुज ने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। वारदात के बाद आरोपी अपने पाप धोने के लिए केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा पर निकल गया था। अंततः यूपी पुलिस की मदद से उसे वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया गया।

21वीं सदी में भी संपर्क से कटे रोहतास के कई गांव

सासाराम। एक तरफ जहां पूरी दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हाई-स्पीड इंटरनेट के युग में तेजी से डिजिटल हो रही है, वहीं बिहार के रोहतास जिले के दक्षिणी पहाड़ी इलाके आज भी बुनियादी संचार सेवाओं के लिए तरस रहे हैं। जिले के चेनारी और नौहट्टा प्रखंड के कई जंगली व पहाड़ी क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह गायब है। दूर-दूर बसे इन इक्के-दुक्के गांवों के लोगों के लिए आज भी किसी से संपर्क साधना किसी चुनौती से कम नहीं है। ​रोहतास का यह दक्षिणी भू-भाग प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां रोहतासगढ़ किला, चौरासन मंदिर, प्रसिद्ध गुप्ता धाम और महादेव खोह जैसे कई प्रमुख पर्यटन स्थल मौजूद हैं। हालांकि, मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी के पूरी तरह फेल होने के कारण दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। नेटवर्क न होने की वजह से कई पर्यटक इन ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचने से कतराते हैं, जिससे क्षेत्र के पर्यटन विकास को भी बड़ा झटका लग रहा है।

छात्रा से हथियार के बल पर दुष्कर्म

पटना। मुजफ्फरपुर की रहने वाली एक युवती ने पटना में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान हथियार के बल पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता अक्टूबर 2023 से पटना के राजीव नगर इलाके में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसने महिला थाने में मुख्य आरोपी किशन कुमार समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।