Bihar news: ​बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए रेलवे प्रशासन ने राहत भरी घोषणा की है। पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल ने परीक्षार्थियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 27 और 28 जून 2026 को विशेष ट्रेनों का परिचालन करने का निर्णय लिया है। कुल 13 स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से पटना, दानापुर और पाटलिपुत्र सहित विभिन्न रूटों पर यात्रियों का दबाव कम करने का प्रयास किया गया है।

​राजगीर रूट पर विशेष व्यवस्था

​इस विशेष पहल के तहत राजगीर रूट पर भी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। 28 जून (रविवार) को बख्तियारपुर से गाड़ी संख्या-03206 सुबह 7:00 बजे प्रस्थान करेगी और 9:00 बजे राजगीर पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या-03208 दोपहर 1:00 बजे राजगीर से खुलकर दोपहर 3:00 बजे बख्तियारपुर पहुंचेगी। यह व्यवस्था उन छात्रों के लिए काफी सहायक होगी जो राजगीर क्षेत्र से परीक्षा केंद्र तक पहुंचना चाहते हैं।

​27 जून को संचालित होने वाली विशेष ट्रेनें

​परीक्षा के पहले दिन यानी 27 जून (शनिवार) को छह विशेष ट्रेनों का परिचालन होगा:

  • ​गाड़ी संख्या-03201: पाटलिपुत्र से रात 8:00 बजे चलकर सहरसा (अगले दिन सुबह 5:00 बजे) जाएगी।
  • ​गाड़ी संख्या-03203: पटना से रात 8:50 बजे चलकर भभुआ (अगले दिन सुबह 3:00 बजे) पहुंचेगी।
  • ​गाड़ी संख्या-03204: पटना से रात 9:00 बजे चलकर बेतिया (अगले दिन सुबह 5:00 बजे) जाएगी।
  • ​गाड़ी संख्या-03213: पाटलिपुत्र से रात 9:45 बजे चलकर पूर्णिया कोर्ट (अगले दिन सुबह 5:30 बजे) पहुंचेगी।
  • ​गाड़ी संख्या-03205: दानापुर से रात 10:00 बजे चलकर अररिया (अगले दिन सुबह 6:00 बजे) पहुंचेगी।
  • ​गाड़ी संख्या-03202: पटना से रात 11:00 बजे चलकर सीवान (अगले दिन सुबह 3:00 बजे) पहुंचेगी।

​28 जून की टाईम-टेबल

​परीक्षा के दूसरे दिन अन्य महत्वपूर्ण रूटों पर भी स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी:

  • ​किऊल से गाड़ी संख्या-03207 दोपहर 12:30 बजे गया के लिए रवाना होगी।
  • ​नवादा से गाड़ी संख्या-03209 दोपहर 1:00 बजे चलकर शाम 4:45 बजे झाझा पहुंचेगी।
  • ​बक्सर से गाड़ी संख्या-03210 दोपहर 1:30 बजे चलकर शाम 4:30 बजे दानापुर पहुंचेगी।
  • ​संध्या के समय झाझा से गाड़ी संख्या-03211 (शाम 5:00 बजे) पटना के लिए और गया से गाड़ी संख्या-03212 (शाम 5:30 बजे) किऊल के लिए प्रस्थान करेगी।

​रेलवे प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और निर्धारित समय से स्टेशन पहुंचें ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अतिरिक्त ट्रेनों की सेवा से परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों का पहुंचना अधिक सुलभ हो जाएगा।