​पटना। बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में सम्मिलित होने वाले हजारों अभ्यर्थियों के लिए रेलवे ने एक बड़ी सौगात दी है। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए दानापुर रेल मंडल ने 23 और 24 जून को कुल 13 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। यह पहल उन छात्रों के लिए अत्यंत राहतकारी है जो दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रहे थे।

​परीक्षार्थियों के लिए विशेष प्रबंध

​दानापुर मंडल के अधिकारियों के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का खाका इस प्रकार तैयार किया गया है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचने और परीक्षा समाप्ति के उपरांत अपने घर सकुशल लौटने में कोई परेशानी न हो। इन ट्रेनों में पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र, दानापुर, बक्सर, बख्तियारपुर, राजगीर, नवादा, जमुई, किऊल, गया, सिवान, बेतिया, सासाराम और आरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों को कवर किया गया है।

​ट्रेनों की टाईम- टेबल पर एक नजर

​रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार 23 जून को परीक्षा केंद्रों की ओर जाने वाली ट्रेनों पर ध्यान केंद्रित किया गया है जबकि 24 जून को वापसी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

वापसी में नहीं होगी परेशानी

​परीक्षा समाप्त होने के पश्चात अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 24 जून को वापसी के लिए व्यापक व्यवस्था की है। बख्तियारपुर-राजगीर किऊल-गया और जमुई-पटना जैसे व्यस्त रूटों पर विशेष ट्रेनों के संचालन से अभ्यर्थियों को अत्यधिक लाभ मिलेगा। रेलवे की इस सक्रियता से न केवल छात्रों का समय बचेगा बल्कि परीक्षा के दौरान होने वाली अफरा-तफरी पर भी अंकुश लगेगा। अभ्यर्थी अपने सफर को सुगम बनाने के लिए निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचें ताकि भीड़ से बचा जा सके।