सोहराब आलम/ मोतिहारी। ​पूर्वी चंपारण के पताही थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब मधुबन थाने की पुलिस यौन शोषण के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची। आरोपी युवक चोरी-छिपे शादी रचा रहा था, लेकिन ऐन मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक और भिड़ंत हो गई।

​शादी के मंडप से गिरफ्तारी का विरोध

​मिली जानकारी के अनुसार, मधुबन थाना कांड में यौन शोषण का आरोपी युवक फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि वह पताही थाना क्षेत्र के एक गांव में छिपकर शादी कर रहा है। जैसे ही पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेने की कोशिश की, शादी में मौजूद ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया।

​चार थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

​ग्रामीणों के कड़े विरोध और बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त बल की मांग की। मौके पर मधुबन, पताही, फेनहारा और पंचपकड़ी थाने की भारी पुलिस फोर्स पहुंची। पुलिस की बड़ी संख्या देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए बाधा डालने वाले लोगों को खदेड़ा।

​20 से अधिक लोग हिरासत में, पूछताछ जारी

​इस मामले में पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और आरोपी को भगाने के प्रयास के आरोप में 20 से अधिक महिला और पुरुषों को हिरासत में लिया है। फिलहाल सभी से गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और मुख्य आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है।