पटना। राज्य में बढ़ते अपराध, कानून-व्यवस्था, शराबबंदी और रोजगार के मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने जहां पुलिस की कार्यशैली और डायल-112 पर गंभीर सवाल उठाए हैं, वहीं जदयू विधायक श्याम रजक ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पर तीखा पलटवार किया है।
डायल-112 और अपराध पर भाई वीरेंद्र का तंज
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर जोरदार निशाना साधा है। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने डायल-112 सेवा पर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि पुलिस गश्ती नहीं बल्कि ‘मटरगश्ती’ कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार अपराध पर पूरी तरह लगाम नहीं लगाती, तब तक विपक्ष उसे सचेत करने का अपना दायित्व निभाता रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे कानून-व्यवस्था को सुधारने के लिए कड़े कदम उठाएं।
शराबबंदी और तस्करी पर उठाए सवाल
शराबबंदी कानून को लेकर भाई वीरेंद्र ने सरकार की नीति पर सवालिया निशान लगाए। उन्होंने दावा किया कि यह कानून बिना किसी सर्वे के जल्दबाजी में लागू किया गया था। नेपाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ के बॉर्डर इलाकों से हो रही शराब की तस्करी का जिक्र करते हुए उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि अधिकारी बड़ी खेप को संरक्षण देते हैं और केवल दिखावे के लिए छोटी कार्रवाई करते हैं।
प्रशांत किशोर द्वारा 10 हजार युवाओं को नौकरी देने के वादे पर उन्होंने कहा कि वे इस पहल का स्वागत करते हैं, लेकिन पहले युवाओं को जमीन पर नौकरी मिलनी चाहिए, उसके बाद ही इस पर कोई सार्थक चर्चा होगी।
श्याम रजक का पलटवार: तेजस्वी राजनीति छोड़ यूरोप घूम आएं
दूसरी ओर, पूर्व मंत्री और जदयू विधायक श्याम रजक ने राजद पर तीखा हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने तंज कसा कि तेजस्वी को राजनीति करने के बजाय यूरोप घूमने चले जाना चाहिए, ताकि उन्हें कुछ नया अनुभव मिल सके। उन्होंने दावा किया कि बिहार सरकार राज्य के हर घटनाक्रम पर पैनी नजर रख रही है और कानून-व्यवस्था के मामलों में बिना किसी देरी के सख्त कार्रवाई की जा रही है।
एके-47 से गोली चलाने की वायरल घटना का जिक्र करते हुए श्याम रजक ने स्पष्ट किया कि मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित सिपाही को तुरंत निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने तेजस्वी यादव को सलाह दी कि वे दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने घर के मामलों को संभालें।
प्रशांत किशोर और शराबबंदी पर क्या बोले श्याम रजक?
प्रशांत किशोर के नौकरी देने वाले दावे पर तंज कसते हुए जदयू नेता ने कहा कि वह अपनी कोई निजी कंपनी चलाने के लिए शायद युवाओं को नौकरी देने की बात कर रहे होंगे, जिसे जनता भली-भांति समझती है।
शराबबंदी को बिहार का अब तक का सबसे सफल कानून बताते हुए श्याम रजक ने कहा कि इसमें समय की मांग के अनुसार सुधार किए जा सकते हैं, लेकिन इसे कभी समाप्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, कर्मचारियों को पांच-छह महीने पर वेतन मिलने के तेजस्वी यादव के दावों को खारिज करते हुए उन्होंने सबूत मांगने की चुनौती दी और कहा कि राज्य में सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल रहा है। पुलिस अधिकारियों को मजिस्ट्रेट की शक्तियां देने के निर्णय को उन्होंने कानून-व्यवस्था के हित में एक बेहतरीन कदम बताया।


