पटना। बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत हो चुकी है। शपथ ग्रहण के अगले ही दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। गुरुवार सुबह सचिवालय पहुंचते ही उन्होंने विभिन्न विभागों के प्रधान सचिवों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं की वर्तमान स्थिति का जायजा लेना और भविष्य की प्राथमिकताओं को तय करना है। प्रशासनिक गलियारे में इस सक्रियता को सुशासन को गति देने के बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने संभाला कार्यभार
मुख्यमंत्री के साथ-साथ बिहार के नवनियुक्त डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने भी आज आधिकारिक रूप से अपनी कुर्सी संभाल ली है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों से फीडबैक लिया और लंबित कार्यों की सूची तलब की। उनके साथ बिजेंद्र यादव को भी उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई है, जो राज्य की नई त्रिमूर्ति के रूप में सरकार का संचालन करेंगे।
विभागों का बंटवारा: सम्राट के पास 29 विभाग
बिहार की नई सरकार में फिलहाल मंत्रिमंडल का पूर्ण विस्तार होना बाकी है। अस्थायी व्यवस्था के तहत सम्राट चौधरी के पास गृह मंत्रालय समेत कुल 29 महत्वपूर्ण विभाग रहेंगे। वहीं, अनुभवी नेता विजय चौधरी को 10 और बिजेंद्र यादव को 8 विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद इन विभागों को नए मंत्रियों के बीच वितरित किया जाएगा, तब तक ये तीनों दिग्गज ही सरकार का मुख्य पहिया बने रहेंगे।
पिता शकुनी चौधरी ने दी भावुक प्रतिक्रिया
अपने बेटे के मुख्यमंत्री बनने पर पूर्व दिग्गज नेता शकुनी चौधरी ने खुशी जाहिर की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, कभी-कभी ईश्वर की कृपा और मेहनत का फल साथ मिलता है। मैंने कई दलों के लिए संघर्ष किया, लेकिन आज नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नीतीश कुमार की कृपा से सम्राट इस मुकाम पर पहुंचा है। यह संदेश साफ है कि जो मेहनत करेगा, वही जीवन में आगे बढ़ेगा।
पटना साहिब में मत्था टेकेंगे मुख्यमंत्री
सचिवालय में बैठकों का दौर खत्म करने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर 1 बजे पटना साहिब गुरुद्वारा जाएंगे। यहां वे मत्था टेक कर राज्य की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करेंगे। बुधवार शाम को भी सम्राट चौधरी के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा, जिसमें पूर्व डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और एनडीए गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

