अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सासाराम पहुंचे दिनारा से विधायक और राष्ट्रीय लोक मोर्चा दल के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उपचुनाव के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के गायब रहने और विदेश घूमने पर आलोक सिंह ने करारा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, एक तरफ एनडीए के घटक दल हैं, जो जन सेवा के लिए राजनीति करते हैं। वहीं दूसरी ओर विपक्ष के लोग हैं, जो सिर्फ भोग-विलास के लिए राजनीति में आए हैं।
तेजस्वी और राजद नेताओं पर उठाया सवाल
आलोक सिंह ने कहा कि, बिहार के 243 विधानसभा सीट में मात्र एक सीट बांकीपुर में उपचुनाव हो रहा है। लेकिन यहां भी चुनाव प्रचार करने के लिए राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं को फुर्सत नहीं है। नामांकन से लेकर अब तक…जब मतदान होनें में कुछ दिन शेष हैं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष (तेजस्वी) को अपने प्रत्याशी के प्रति भी कोई जवाब देही ही नहीं है।
नितिन नबीन का दिया उदाहरण
आलोक सिंह ने आगे कहा कि, दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष (नितिन नबीन) खुद चुनाव प्रचार में पहुंच रहे हैं। NDA के पांचो घटक दल के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय नेता तक इस उपचुनाव में जनता के बीच पहुंच रहे हैं। लेकिन विपक्ष के नेता जिस तरह से बेमन तरीके से चुनावी मैदान में उतरे हैं। यह स्पष्ट करता है कि यह लोग पहले ही अपना पराजय स्वीकार कर चुके हैं। बांकीपुर सीट से एक बार फिर एनडीए समर्थित प्रत्याशी का चुनाव जीतना तय है।
तेजस्वी के नेतृत्व को लेकर उठ रहे हैं सवाल
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव लंबे समय से विदेश यात्रा पर हैं। हालांकि वह पारिवारिक यात्रा पर हैं, या कोई आधिकारिक यात्रा इसे लेकर पार्टी और ना ही तेजस्वी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है। ऐसे में एक तरफ जहां, पार्टी के नेता और प्रवक्ता अपना इस्तीफा दे रहे हैं। वहीं, बांकीपुर उपचुनाव सिर पर है। पार्टी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता अपने अकेले दम पर प्रचार-प्रसार में जुटी हुई हैं। पार्टी के नेता भी उनके समर्थन में प्रचार करते हुए नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव कहां है? इस बात की किसी को सही जानकारी ही नहीं है। ऐसे में तेजस्वी के नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
30 जुलाई को होगा मतदान
गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा समेत कुल 39 उम्मीदवार मैदान में हैं। बीजेपी, जनसुराज और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है। जनसुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता चुनावी मैदान में है। चुनाव का परिणाम 3 अगस्त को सामने आएगा। फिलहाल सभी दल के प्रत्याशी अपने-अपने प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं और अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- ‘झोला लेकर वापस लौटेंगे प्रशांत किशोर’, बांकीपुर उपचुनाव पर अनामिका पासवान का बड़ा दावा

