कुंदन कुमार, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बिहार की राजनीति गरमा गई है। एक तरफ सत्ता पक्ष के नेताओं ने पीएम को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष ने सरकारी धन के खर्च को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इस राजनीतिक हलचल के बीच दोनों पक्षों के अपने-अपने तर्क सामने आए हैं।
श्याम रजक ने दी शुभकामनाएं
जदयू विधायक सह मंत्री श्याम रजक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आज बिरसा पूजन उत्सव और महान समाज सुधारक पेरियार रामास्वामी की भी जयंती है, और इस खास दिन पर हम इन सभी महान व्यक्तित्वों को याद करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री किसी एक पार्टी के नहीं बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के प्रधानमंत्री हैं। आर्थिक क्षेत्र में आम जनता की समस्याओं को दूर करने और लोगों को सुविधाएं प्रदान करने में पीएम मोदी का काम काबिले तारीफ रहा है। आज पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है और देश की स्थिति को मजबूत करने के लिए उन्होंने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उनके जन्मदिन को मनाना हमारा कर्तव्य है, और हम ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं लंबी उम्र की कामना करते हैं।
बाढ़ प्रबंधन पर विपक्ष को करारा जवाब
विपक्ष के बयानों पर पलटवार करते हुए श्याम रजक ने कहा कि विपक्ष का काम सिर्फ आलोचना करना है, लेकिन जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में बाढ़ पीड़ितों के राहत और बचाव के लिए सरकार पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं और पीड़ितों को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। विपक्ष केवल बयानबाजी कर राज्य में भ्रम की स्थिति पैदा करना चाहता है, जो कभी सफल नहीं होगी।
राजद विधायक भाई वीरेंद्र का गंभीर आरोप
दूसरी ओर, राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई तो दी, लेकिन साथ ही सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम के जन्मदिन के नाम पर सरकारी खजाने से 100 करोड़ रुपये से ज्यादा पानी की तरह बहाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ देश की आम जनता महंगाई की मार झेल रही है और गरीबों को दो वक्त की रोटी नसीब नहीं हो रही है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह का फिजूलखर्च किया जा रहा है। देश गंभीर संकट से गुजर रहा है और सभी को इस बात को समझना होगा।
युवाओं और ‘जेन जी’ से सड़कों पर उतरने की अपील
भाई वीरेंद्र ने देश के युवाओं और ‘जेन जी’ (Gen Z) से अपील की है कि वे सरकार के हर जन-विरोधी फैसले के खिलाफ सड़क पर उतरें और प्रदर्शन करें। उन्होंने घोषणा की कि वे खुद युवाओं के साथ खड़े रहने को तैयार हैं। उन्होंने बेरोजगारी और बढ़ती गरीबी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार इन समस्याओं का समाधान निकालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जिससे गरीब और अधिक लाचार होते जा रहे हैं।



