कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि करीब ग्यारह साल के लंबे अंतराल के बाद विपक्ष ने राजभवन मार्च किया है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि वे तिरंगा यात्रा क्यों नहीं कर रहे थे। मंत्री ने आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर आसीन रहकर भी कानून को तोड़ने का काम किया गया है, लेकिन कानून अपना काम पूरी निष्पक्षता से करेगा।
बिना मुद्दों के राजनीति कर रहा है विपक्ष
मंत्री श्रवण कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विपक्ष के पास इस समय सरकार के खिलाफ उठाने के लिए कोई भी ठोस मुद्दा नहीं बचा है। बिना किसी आधार और वास्तविक मुद्दे के विपक्ष केवल जनता का ध्यान भटकाने के लिए अनाप-शनाप हरकतें कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और अन्य विपक्षी दलों द्वारा निकाला गया राजभवन मार्च पूरी तरह से राजनीतिक स्वार्थ और सिर्फ कुर्सी प्राप्ति की हवस से प्रेरित था।
आम जनता, युवाओं और छात्रों के हित में प्रतिबद्ध सरकार
विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि राजद और विपक्ष को आम जनता, छात्रों या युवाओं के हितों से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। इसके विपरीत, बिहार की एनडीए सरकार लगातार प्रदेश के युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों के विकास के लिए समर्पित होकर काम कर रही है। सरकार की जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों से राज्य की जनता पूरी तरह खुश और संतुष्ट है।

