अविनाश श्रीवास्तव/ सासाराम। पैसे की तंगी और कर्ज के कथित दबाव में आकर एक महिला ने सोमवार की रात आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थानीय बाजार की बताई जाती और मृत महिला की पहचान 30 वर्षीय रीमा देवी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का एक छोटा बच्चा भी है और पति मजदूरी का काम करते हैं।

समूह से लिया था कर्ज

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि महिला ने स्थानीय बंधन समूह से कुछ कर्ज लिया था, जिसको लेकर वह बीते कुछ दिनों से लगातार मानसिक तनाव में थी। परिजनों के अनुसार कर्ज की किश्तों के भुगतान को लेकर लगातार दबाव बढ़ रहा था। सोमवार की शाम समूह से जुड़े कुछ लोग महिला से मिलने आए थे, इसके बाद महिला ने कथित रूप से खुद को कमरे में बंद कर लिया। महिला का शव कमरे में फंदे से लटका पाया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा है।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची चेनारी थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बारीकी से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं मौत के कारणों का खुलासा होगा। चेनारी थाने के चौकीदार अलगू पासवान ने कहा कि शुरुआती जांच में किसी भी तरह के पारिवारिक विवाद की बात सामने नहीं आई है, लेकिन परिजनों द्वारा कर्ज के दबाव की बात कही जा रही है।