Bihar STET 2026: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) जल्द ही माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2026 आयोजित करने जा रही है। बोर्ड की ओर से परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 से शुरू की जाएगी।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने STET 2026 को लेकर यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि परीक्षा का आयोजन बिहार सरकार के शिक्षा विभाग से मिले दिशा-निर्देशों के आधार पर किया जा रहा है। इस परीक्षा के जरिए राज्य के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों की पात्रता निर्धारित की जाएगी।

14 अगस्त को जारी होगा नोटिफिकेशन

STET 2026 में शामिल होने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत जानकारी जल्द सामने आएगी। बोर्ड की ओर से परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन 14 अगस्त 2026 को जारी कर दिया जाएगा है। यह विज्ञप्ति प्रमुख समाचार पत्रों के साथ-साथ बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्रकाशित की जाएगी।

नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिल जाएंगी। इसमें शैक्षणिक योग्यता, विषयवार विवरण, परीक्षा पैटर्न, आवेदन शुल्क और अन्य जरूरी नियम शामिल होंगे।

17 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन

बोर्ड के अनुसार, STET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 17 अगस्त 2026 से शुरू होगा। आवेदन की अंतिम तारीख बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में बताई जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन शुरू होने से पहले अपने जरूरी शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज तैयार रखें।

आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद उम्मीदवारों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। फॉर्म भरते समय नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता और अन्य विवरण सावधानी से दर्ज करने होंगे, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो।

कक्षा 9 से 12 तक शिक्षक बनने का रास्ता

STET के जरिए बिहार के कक्षा 9-10 और 11-12 के स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए अभ्यर्थियों की पात्रता तय की जाती है। ऐसे में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह परीक्षा काफी अहम मानी जा रही है। STET 2026 के आयोजन की घोषणा के बाद उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो लंबे समय से परीक्षा के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे थे। अब उम्मीदवारों के पास तैयारी को अंतिम रूप देने का मौका है।

ये भी पढ़ें- ‘CM, PM और गृह मंत्री ने मुंह में दही जमा लिया’, सीवान AK-47 फायरिंग पर तेजस्वी का बड़ा हमला