Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव छात्र आंदोलन के दौरान बिहार के सीवान में चले AK47 मामले को लेकर लगातार सरकार पर हमलावर है। आज बुधवार (13 अगस्त) को दिल्ली में एक बार फिर से इस मुद्दे को उठाते हुए बिहार और केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, कई दिनों से संसद सत्र चल रहा था और जो सबसे बड़ा मुद्दा जो था कि जिस तरह से छात्रों पर AK47 से गोलियां चलाई गईं, बिहार की धरती पर जो हुआ, उसे पूरी दुनिया ने देखा।
तेजस्वी ने कहा कि, पहली बार ऐसी स्थिति बनी। इससे पहले भी पूरे देश में बड़े से बड़े आंदोलन हुए मगर आज तक किसी पर AK47 सीने पर तानकर, खासतौर पर मासूम छात्र जो अपने अधिकार के लिए लड़ रहे थे, उन्हें निशाना बनाया गया। आखिर यह किसके आदेश पर हुआ?
19 अगस्त को राज भवन तक विरोध मार्च
तेजस्वी यादव ने कहा कि, चाहे बिहार सरकार के मुख्यमंत्री हो या फिर देश के प्रधानमंत्री हो या गृह मंत्री अमित शाह, सभी ने मुंह में दही जमाने का काम किया है। इस मुद्दे पर लगातार विपक्ष और देश जानना चाहता है कि ऐसी घटना जहां छात्रों पर गोली चलाई जा रही हो, उसका गुनहगार कौन है?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, जब मामला बढ़ा तो एक मामूली सिपाही को सस्पेंड करके पल्ला झाड़ने की बात हो गई। इससे साफ है कि ये लोग जवाब देने से इसलिए बच रहे हैं। क्योंकि इनकी चोरी पकड़ी गई। सवाल यह खड़ा होता है कि अब तक SP का निलंबन क्यों नहीं किया गया? हम लोगों ने निर्णय लिया है कि आने वाले 19 अगस्त को 11 बजे से हम सभी लोग पार्टी दफ्तर से राज भवन तक मार्च करेंगे।
DGP विनय कुमार से की थी मुलाकात
बता दें कि इससे पहले तेजस्वी ने बीते शुक्रवार (7 अगस्त) को बिहार के डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात की थी। इस दौरान उनके साथ राजद का एक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। बिहार डीजीपी से मुलाकात के दौरान तेजस्वी यादव ने सीवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई AK-47 से फायरिंग, पटना में बंटी यादव हत्याकांड, भरत तिवारी एनकाउंटर और प्रदेश में बढ़ते अपराध समेत कई मुद्दे उठाए और अविलम्ब इन मामलों में कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें ज्ञापन पत्र भी सौंपा था।
सरकार ने जवान को किया है सस्पेंड
नीट पेपर लीक मामले को लेकर बीते 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान राजधानी पटना समेत कई जिलों में छात्र आंदोलन के दौरान हिंसक प्रदर्शन देखने को मिले थे। इस दौरान सीवान में पुलिसकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए AK 47 से गोलियां चलाई थी, जिसकी गोली लगने से 3 छात्र घायल हो गए थे। इस घटना को लेकर काफी हंगामा भी देखने को मिला था, जिसके बाद सरकार ने कड़ा एक्शन लेते हुए AK-47 से फायरिंग करने वाले जवान को सस्पेंड कर दिया गया है। AK 47 से गोली चलाने वाले जवान की पहचान अभिषेक पटेल के रूप में हुई है। अभिषेक SIT का जवान है, फिलहाल जिन्हें सस्पेंड कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें- सीवान में दिनदहाड़े फाइनेंसकर्मी की गोली मारकर हत्या, परिजनों में मचा कोहराम


