सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार में शिक्षक दिवस का दिन इस बार उत्सव की बजाय विरोध और आक्रोश का गवाह बना। राज्यभर के सरकारी शिक्षकों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मोतिहारी में जोरदार प्रदर्शन किया। बिहार स्टेट टीचर्स एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों शिक्षक सड़कों पर उतरे और सरकार विरोधी नारे लगाए।
​शिक्षकों ने हाथों में बैनर और तख्तियां थामकर अपनी मुख्य दो सूत्री मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया। उनका कहना है कि उन्हें सातवें वेतनमान के तहत पूरा वेतन मिलना चाहिए और लंबे समय से बंद पड़ी पुरानी पेंशन योजना (OPS) को तुरंत बहाल किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी इन जायज मांगों पर जल्द विचार नहीं करती है, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी उग्र रूप ले लेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।