कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजद का मंथन

राजद कार्यालय में आज सुबह 11 बजे एक अहम बैठक आयोजित की गई है। बैठक में बांकीपुर उपचुनाव को लेकर मंथन की जाएगी। बांकीपुर उपचुनाव में राजद की जीत के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने के साथ ही प्रचार-प्रसार को आगे कैसे गती देना है? इस बात पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। राजद ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल समेत कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

बांकीपुर मंडल के कार्यकर्ताओं संग नितिन नबीन की बैठक

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज रविवार 12 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बांकीपुर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। यह बैठक दोपहर 1 बजे आयोजित की जाएगी। मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर नितिन नबीन भाजपा की परंपरागत सीट पर जीतकी रणनीति तैयार करेंगे। भाजपा अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को घर-घर जनसंपर्क अभियान, मतदाता संवाद और बूथ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। इसके साथ ही राजनीतिक परिस्थितियां और विपक्ष की रणनीति पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन

कांग्रेस कार्यालय में आज दोपहर 2 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम संबोधित करेंगे। इसके साथ ही पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रह सकते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजेश राम बांकीपुर उपचुनाव को लेकर अपनी राय सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही वे राज्य की मौजूदा राजनीतिक हालात, अपराध, महंगाई, भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर सरकार की नाकामियों को भी मीडिया के सामने रख सकते हैं।

प्रशांत किशोर की पैदल यात्रा व नुक्कड़ सभा

जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव को लेकर लगातार जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। आज रविवार (12 जुलाई) को वह बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में पैदल यात्रा कर अपने लिए वोट मांगेंगे। इसके साथ शाम 4 बजे वह कई जगहों पर नुक्कड़ सभा कर जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि पीके के बांकीपुर उपचुनाव लड़ने से चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प हो चुका है।

ये भी पढ़ें- क्रिकेट मैच के दौरान युवक को मारी गोली, 2 आरोपी गिरफ्तार