कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

बीजेपी कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम

बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आज बुधवार (17 जून) को सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा। सहयोग कार्यक्रम में आज बीजेपी से शिक्षा मंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यालय में आए जनता की समस्याओं को सुन उनका निपटारा करने का काम करेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।

जदयू कार्यालय में जनसुनवाई

जदयू कार्यालय में आज जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम का समय दोपहर 1 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

सम्राट कैबिनेट की अहम बैठक आज

सीएम सम्राट चौधरी ने आज बुधवार (17 जून) को अपने कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री की यह कैबिनेट बैठक शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय में होगी। इस बैठक में सीएम सम्राट चौधरी के अवाला दोनों डिप्टी सीएम, मुख्य सचिव और प्रमुख विभाग से जुड़े कई पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं।

इस कैबिनेट बैठक में सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को लेकर कई बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगा सकती है। वहीं, इस दौरान सरकार द्वारा लिए गए अहम फैसलों पर चर्चा भी होगी। इसके अलावा कई नई नीतियों को मंजूरी भी मिल सकती है। बता दें कि इससे पहले 8 जून को हुए कैबिनेट बैठक में कुल 25 एजेंडों पर महुर लगी थी।

पटना में भाजपा का ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’

केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार भाजपा की ओर से राज्य के विभिन्न जिलों में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज बुधवार (17 जून) को पटना स्थित विद्यापति भवन में दोपहर 1 बजे एक महत्वपूर्ण सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। इस दौरान वे केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प पर चर्चा करेंगे।

भाजपा कार्यालय में शिवराज सिंह चौहान की प्रेस कॉन्फ्रेंस

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज पटना में स्थित भाजपा कार्यालय में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। उनकी यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान शिवराज सिंह चौहान किसानों से जुड़े मुद्दों, किसानों को लेकर केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और बिहार में कृषि क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी बात सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही वह राज्य की मौजूदा राजनीतिक हालात और जनहित से जुड़े मुद्दों पर मीडिया के सवालों का जवाब भी देंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

ये भी पढ़ें- मधुबनी में प्रशासन से नाराज बुजुर्ग ने खुद को लगाई आग, गंभीर हालत में सदर अस्पताल में चल रहा इलाज