कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

मानसून सत्र का चौथा दिन आज, सुबह 11 बजे शुरू होगी कार्यवाही

बिहार विधानमंडल मानसून सत्र का आज गुरुवार 23 जुलाई को चौथा दिन है। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे से शुरू होगी। सत्र के चौथे दिन यानी 23 जुलाई को सदन की कार्यवाही के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुपूरक बजट पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके बाद विभिन्न विभागों के लिए प्रस्तावित अतिरिक्त बजटीय प्रावधानों पर सदस्यों के बीच वाद-विवाद कराया जाएगा। चर्चा पूरी होने के बाद अनुपूरक व्यय विवरणी को सदन की स्वीकृति के लिए मतदान कराया जाएगा।

इसके साथ ही, इससे संबंधित विनियोग विधेयक पर भी चर्चा होगी और सदन की मंजूरी मिलने के बाद इसे पारित कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इससे सरकार को अनुपूरक बजट के तहत स्वीकृत राशि खर्च करने का वैधानिक अधिकार प्राप्त होगा। बता दें कि सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सरकार की ओर से 87,383.4301 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया है। साथ ही बिहार विधान परिषद की कार्यवाही दोपहर 12 बजे से शुरू होगी।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आज फिर सड़क पर उतरेंगे छात्र

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी पटना में छात्रों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। पटना विश्वविद्यालय से आज गुरुवार (23 जुलाई) को फिर विभिन्न मांगो को लेकर छात्र एक बार फिर से दोपहर 12 बजे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। गौरतलब है कि कल बुधवार को भी प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच कई बार झड़प देखने को मिला। प्रदर्शनकारी छात्रों का काफिला सीएम और डिप्टी सीएम आवास तक पहुंच गया था। सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर छात्रों की भीड़ को तीतर-बितर किया। इस दौरान आंसू गैस के गोले तक छोड़े गए। घंटों तक चले इस संघर्ष में कई छात्रों और कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं।

बीजेपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

बीजेपी कार्यालय में आज गुरुवार (23, जुलाई) की दोपहर 1 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जो बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति और कल बुधवार को हुए छात्रों के प्रदर्शन पर अपनी राय सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही पीसी के दौरान बांकीपुर विधानसभा चुनाव को लेकर जानकारी साझा की जा सकती है।

ये भी पढ़ें- प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात करने के बाद नाबालिग छात्रा ने की खुदकुशी, इलाज के दौरान मौत