कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
बिहार मानसून सत्र का अंतिम दिन आज, 11 बजे शुरू होगी कार्यवाही
बिहार विधानमंडल के 5 दिवसीय मानसून सत्र का आज शुक्रवार 24 जुलाई को पांचवा और अंतिम दिन है। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे से शुरू होगी। सत्र के 5वें दिन यानी की आज सदन की कार्यवाही गैर सरकारी सदस्यों के कार्य (गैर सरकारी संकल्प) के लिए निर्धारित रहेगी।
इस दौरान विपक्ष और सत्ता पक्ष के गैर-मंत्री सदस्य विभिन्न जनहित एवं नीतिगत मुद्दों पर अपने संकल्प सदन के समक्ष रखेंगे और उन पर चर्चा होगी। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष के समापन संबोधन के साथ मानसून सत्र अनिश्चितकालीन के लिए स्थगित कर दिया जाएगा। इससे पहले कल सत्र के चौथे दिन पक्ष और विपक्ष के बीच सदन में काफी गहमा गहमी देखने को मिली। वहीं, विधान परिषद की कार्यवाही भी सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन, इन मुद्दों पर होगी चर्चा
पटना कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज दोपहर 1 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम संबोधित करेंगे। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रह सकते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजेश राम नीट पेपर लीक, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और बीते दिनों पार्टी कार्यालय पर हुए कथित हमले और संभावित हमलों को लेकर भी अपनी बात मीडिया के सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही वह मानसून सत्र और बांकीपुर उपचुनाव को लेकर भी अपनी राय सामने रख सकते हैं।
बोरिंग रोड एरिया में पीके का जनसंपर्क
जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव को लेकर लगातार जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। आज शुक्रवार 24 जुलाई को वह दोपहर 2 बजे से बोरिंग रोड एरिया से बुद्ध कॉलोनी तक पैदल मार्च करते हुए लोगों से अपने पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे। साथ ही शाम के समय वह कई नुक्कड़ सभा व संबोधन के जरिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में कम दिन ही शेष बचे हैं।
भाजपा का मोहल्ला बैठक, नीरज सिन्हा के पक्ष में जन समर्थन हासिल करने का प्रयास
बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में तेजी से जुट गए हैं। भाजपा नेता लगातार अपने उम्मीदवार नीरज सिन्हा के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। भाजपा के नेता व मंत्री घर-घर जाकर मतदाताओं को नीरज सिन्हा के पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे। चुनावी रफ्तार को धार देने के लिए भाजपा ने आज शाम 4 बजे मोहल्ला बैठक का आयोजन किया है, जिसके जरिए वह अलग-अलग मोहल्लों में बैठक कर जन समर्थन हासिल करने का प्रयास करेंगे।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस ने सदाकत आश्रम पर हमले की आशंका जताते हुए CM को लिखा पत्र, मांगी सुरक्षा


