कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
बिहार बंद का आह्वान, MLA संदीप सौरभ समेत कई छात्र नेता गिरफ्तार
नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देश की राजधानी दिल्ली से लेकर बिहार की राजधानी पटना तक बवाल मचा हुआ है। वाम दल से जुड़े छात्र संघ आइसा ने आज शनिवार (25, जुलाई) को बिहार बंद का आह्वान किया है। खास बात यह है कि इस बिहार बंद को सभी विपक्षी पार्टियों का भी समर्थन है। छात्र आज दोपहर 12 बजे अपनी मांगो को लेकर सड़क पर उतरेंगे।
उधर दूसरी तरफ बिहार बंद आह्वान के बीच पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शुक्रवार की देर रात कई हॉस्टलों और लॉज में छापेमारी कर भाकपा माले विधायक संदीप सौरभ समेत आइसा के कई छात्र नेताओं समेत 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उन्होंने यह कार्रवाई पटना में बीते 22 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले में की है।
सीएम सम्राट चौधरी की बड़ी सौगात, आज शुरू होगा 400 बेड वाला सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल
पटना के शास्त्रीनगर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल का नया सुपरस्पेशियलिटी भवन आज से लोगों के लिए शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज सुबह 11 बजे करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से बने इस छह मंजिला भवन का उद्घाटन करेंगे। इस नए अस्पताल में मरीजों के लिए 400 बेड की व्यवस्था की गई है। इनमें 200 बेड हड्डी रोग (ऑर्थोपेडिक्स), 100 बेड न्यूरोसर्जरी और 100 बेड स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर के लिए होंगे।
इसके अलावा 25 बेड का आधुनिक आईसीयू, करीब 30 बेड का हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू), ऑपरेशन से पहले और बाद में मरीजों की देखभाल के लिए अलग वार्ड भी बनाए गए हैं। सड़क दुर्घटना और अन्य गंभीर मामलों के मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल में अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर भी तैयार किया गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पूरी तरह शुरू होने के बाद यह देश का सबसे बड़ा ऑर्थोपेडिक सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल होगा।
प्रशांत किशोर का पैदल मार्च, चुनावी अभियान को धार देने की तैयारी
जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव को लेकर लगातार जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। आज शनिवार 25 जुलाई को वह दोपहर 2 बजे से विधानसभा क्षेत्र में पैदल मार्च करते हुए लोगों से अपने पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे। साथ ही शाम के समय वह कई नुक्कड़ सभा व संबोधन के जरिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में कम दिन ही शेष बचे हैं।
भाजपा के कई मंत्री मैदान में, पैदल मार्च कर नीरज सिन्हा के लिए मांगेंगे वोट
बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में तेजी से जुट गए हैं। भाजपा नेता लगातार अपने उम्मीदवार नीरज सिन्हा के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। आज भी भाजपा के कई नेता व मंत्री घर-घर जाकर मतदाताओं को नीरज सिन्हा के पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे। चुनावी रफ्तार को धार देने के लिए भाजपा के लोग आज शाम 4 बजे विधानसभा क्षेत्र में पैदल मार्च भी करेंगे, जिसके जरिए वह अलग-अलग मोहल्लों में जाकर जन समर्थन हासिल करने का प्रयास करेंगे।
ये भी पढ़ें- पटना हिंसा मामले में माले विधायक संदीप सौरभ गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा बेउर जेल


