कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
भाजपा के कई मंत्री मैदान में, पैदल मार्च कर नीरज सिन्हा के लिए मांगेंगे वोट
बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में तेजी से जुट गए हैं। भाजपा नेता लगातार अपने उम्मीदवार नीरज सिन्हा के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। आज सोमवार (27 जुलाई) को भी भाजपा के कई नेता व मंत्री सुबह 10 बजे से आनंदपुरी बोरिंग रोड पर घर-घर जाकर मतदाताओं को नीरज सिन्हा के पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे।
बांकीपुर उपुचनाव को लेकर तेजस्वी यादव का रोड शो, रेखा गुप्ता के समर्थन में मांगेंगे वोट
बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में महज अब 3 दिन ही शेष है। आज सोमवार और कल मंगलवार तक दो दिन पार्टी के उम्मीदवार और नेता अपना प्रचार-प्रसार कर पाएंगे। कल देर शाम तक प्रचार-प्रसार पर रोक लग जाएगा। विदेश दौरे से लौटने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। आज दोपहर 2 बजे वह पटना की सड़कों पर रोड शो कर पार्टी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में लोगों से वोट करने की अपील करेंगे। इस दौरान महागठबंधन के भी नेता उनके साथ मौजूद रह सकते हैं।
राजद के मुताबिक, तेजस्वी यादव लगातार दो दिनों तक बांकीपुर विधानसभा के प्रमुख इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। पार्टी नेताओं का दावा है कि इस रोड शो के जरिए अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने और चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने की कोशिश की जाएगी।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का रोड शो, नीरज सिन्हा के लिए मांगेंगे वोट
बांकीपुर उपचुनाव अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। 3 दिन बाद चुनाव के लिए मतदान होना है। ऐसे में बीजेपी ने इस उपचुनाव को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जिनकी बांकीपुर परंपरागत सीट रही है। वो खुद मैदान में कमान संभाले हुए हैं।
आज दोपहर 3 बजे बांकीपुर विधानसभा में उनका रोड शो होना है, जिसके जरिए वह बड़े पैमाने पर जनसंपर्क करते हुए भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील करेंगे। बता दें कि नितिन नबीन के राज्यसभा जाने के बाद ही यह सीट खाली हुई है, जिसपर 30 जुलाई को मतदान होना है।
प्रशांत किशोर का पैदल मार्च, चुनावी अभियान को धार देने की तैयारी
जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव को लेकर लगातार जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। आज सोमवार 27 जुलाई को वह दोपहर 3 बजे से विधानसभा क्षेत्र बोरिंग रोड से मंदिरी तक पैदल मार्च करते हुए लोगों से अपने पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे। साथ ही शाम के समय वह कई नुक्कड़ सभा व संबोधन के जरिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में 3 दिन ही शेष बचे हैं।
ये भी पढ़ें- 30 जुलाई को बिहार बंद और 31 को पटना में जोरदार प्रदर्शन, छात्र-नेताओं की रिहाई की मांग


