कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
सम्राट कैबिनेट की अहम बैठक आज
सीएम सम्राट चौधरी ने आज मंगलवार (28 जुलाई) को अपने कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री की यह कैबिनेट बैठक सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय में होगी। इस बैठक में सीएम सम्राट चौधरी के अवाला दोनों डिप्टी सीएम, मुख्य सचिव और प्रमुख विभाग से जुड़े कई पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं।
इस कैबिनेट बैठक में सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को लेकर कई बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगा सकती है। वहीं, इस दौरान सरकार द्वारा लिए गए अहम फैसलों पर चर्चा भी होगी। इसके अलावा कई नई नीतियों को मंजूरी भी मिल सकती है। बता दें कि इससे पहले 20 जुलाई को हुई पिछली कैबिनेट बैठक में राज्य की कानून-व्यवस्था और उच्च शिक्षा व्यवस्था को लेकर 10 बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई थी।
प्रशांत किशोर का पैदल मार्च, चुनावी प्रचार का आखिरी दिन आज
बांकीपुर उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार का आज मंगलवार 28 जुलाई को आखिरी दिन है। शाम 5 बजे आचार संहिता लागू होने के साथ ही चुनावी प्रचार और सभाओं पर रोक लग जाएगी। आज अंतिम दिन सभी प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोंकने का प्रयास करेंगे।
जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव को लेकर आज 11 बजे से विधानसभा क्षेत्र बोरिंग रोड से गांधी मैदान तक पैदल मार्च करते हुए लोगों से अपने पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे। साथ ही सभा व संबोधन के जरिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का रोड शो, नीरज सिन्हा के लिए मांगेंगे वोट
बांकीपुर उपचुनाव अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। चुनाव प्रचार के आज आखिरी दिन बीजेपी इस उपचुनाव को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकती हुई नजर आ रही है। आनंदपुरी में आज सुबह 8 बजे से पथ निर्माण मंत्री और सांसद रविशंकर मतदाता संवाद कर भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील करेंगे। इसके साथ ही भाजपा के कई नेता व मंत्री घर-घर जाकर भाजपा के लिए वोट मांगेंगे।
बांकीपुर उपुचनाव को लेकर तेजस्वी यादव का रोड शो, रेखा गुप्ता के समर्थन में मांगेंगे वोट
बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज मंगलवार लगातार दूसरे दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का रोड शो होगा। तेजस्वी का रोड शो बोरिंग रोड से सुबह 11 बजे शुरू होगा, जो चकारम मोड तक होगा। इस दौरान तेजस्वी पार्टी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में लोगों से वोट करने की अपील करेंगे। इस दौरान महागठबंधन के भी नेता उनके साथ मौजूद रह सकते हैं।
इसके अलावा तेजस्वी दोपहर 1 बजे से बांकीपुर विधानसभा के प्रमुख इलाकों में जनसंपर्क के जरिए भी पार्टी के लिए प्रचार प्रसार करेंगे। पार्टी नेताओं का दावा है कि इस रोड शो के जरिए अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने और चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने की कोशिश की जाएगी।
ये भी पढ़ें- CM के कार्यक्रम से 300 कदम दूर महिला की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद बना वजह


