कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान आज, शाम 6 बजे तक होगी वोटिंग
बिहार की चर्चित सीट बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। वोट देने के लिए सुबह-सुबह लोग मतदान केंद्र पर पहुंचने लगे हैं। उपचुनाव के लिए शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा। इस दौरान मतदाता बूथ केंद्र पर जाकर अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। आज वोटिंग के साथ ही 25 उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। जिसका फैसला 3 अगस्त को सामने आएगा।
बांकीपुर उपचुनाव में मतदाताओं के साथ रविशंकर प्रसाद और सीपी ठाकुर जैसे कई नेता भी आज मतदान करेंगे। चुनाव में भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। जन सुराज से खुद प्रशांत किशोर चुनाव लड़कर इस चुनाव को और भी दिलचस्प बना दिया है।
जन सुराज द्वारा सीनियर एसपी कार्यालय का घेराव, गिरफ्तार कार्यकर्ताओं के रिहाई की मांग
बांकीपुर में जहां आज सुबह 7 बजे से उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। वहीं, दूसरी तरफ चुनाव से ठीक कुछ घंटे पहले कल बुधवार की शाम पुलिस और एसटीएफ ने जन सुराज के 20 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है, जिसे लेकर पुलिस की कार्रवाई और पारदर्शिता पर सवाल उठने लगा है। बुधवार की शाम जन सुराज ने एक पत्र जारी करते हुए कहा कि, 182 बांकीपुर विधानसभा में जन सुराज के कार्यकर्ताओं को जो पटना में अपने परिजनों से मिलने या अन्य किसी कार्य से हैं उन्हें एकतरफा कार्रवाई करते हुए लगातार गिरफ्तार किया जा रहा है।
पार्टी के मुताबिक प्रत्यूष पूर्व को जक्कनपुर थाना, वरुण कुमार खगड़िया को पीरबहोर थाना, मोतिहारी के रहने वाले अभय शर्मा को जक्कनपुर थाना समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ आज सुबह 10 बजे जन सुराज के प्रतिनिधि सीनियर एसपी कार्यालय का घेराव करेंगे और गिरफ्तार अपने कार्यकर्ताओं के रिहाई की मांग करेंगे।
मतदान खत्म होने के बाद चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे समाप्त हो जाएगी। वोटिंग खत्म होने के बाद शाम 6 बजे चुनाव आयोग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया है। इस दौरान आयोग मतदान प्रतिशत, मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और पूरे चुनाव से जुड़ी अहम जानकारी साझा करेगा। साथ ही मतदान के दौरान हुई प्रमुख गतिविधियों और व्यवस्थाओं को लेकर भी आधिकारिक अपडेट दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Bankipur By-Election Voting: बांकीपुर में मतदान शुरू, EVM में कैद होगी 25 प्रत्याशियों की किस्मत


