कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन
जदयू कार्यालय में आज मंगलवार (8, सितंबर 2026) को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम का समय दोपहर 12 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
भाजपा कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम का आयोजन
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज गुरुवार को सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। सहयोग कार्यक्रम में आज बीजेपी से मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यालय में आए जनता की समस्याओं को सुन उनका निपटारा करने का काम करेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।
प्रशांत किशोर ने बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस
जन सुराज के सुत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने आज एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती एवं वे (पीके) खुद मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे और मीडिया को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का समय दोपहर 2 बजे निर्धारित किया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम, बढ़ती मंहगाई और अपराध, बाढ़ समेत अन्य मुद्दों को लेकर अपनी बात सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही वे पार्टी की भविष्य, विस्तार और रणनीतियों पर भी प्रकाश डाल सकते हैं।
65% आरक्षण की मांग को लेकर पटना में बड़ा प्रदर्शन
बिहार में आरक्षण का दायरा बढ़ाने की मांग को लेकर आज पटना में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति और कई दलित संगठनों ने 8 सितंबर को ‘आरक्षण बढ़ाओ, संविधान बचाओ’ आंदोलन का आह्वान किया है। इसके तहत गांधी मैदान में महाजुटान के बाद प्रदर्शनकारी राजभवन की ओर मार्च करेंगे। आंदोलन में शामिल होने वाले लोगों का जुटान गांधी मैदान के गेट नंबर 10 पर होगा। दोपहर करीब 1 बजे यहां से मार्च शुरू किया जाएगा, जो लोक भवन/राजभवन की ओर जाएगा। आंदोलन की अगुवाई आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक अमर आजाद पासवान कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों की सबसे बड़ी मांग बिहार में एससी, एसटी, ईबीसी और ओबीसी के लिए आरक्षण की सीमा बढ़ाकर 65 प्रतिशत करने की है। संगठन चाहता है कि इस आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में भी शामिल किया जाए, ताकि इसे कानूनी सुरक्षा मिल सके।
ये भी पढ़ें- मधुबनी में फर्जी पासपोर्ट और अवैध विदेशी वीजा गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार



