Bihar Today Weather: बिहार में मानसून की एंट्री होने से पहले ही प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। कल गुरुवार को राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली। हालांकि मौसम में हुआ यह बदलाव कई लोगों के लिए काल साबित हुआ। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
26 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज शुक्रवार (12 जून) को राज्य के ज्यादातर जिलों में मौसम के खराब रहने की चेतावनी दी है। विभाग ने 26 जिलों में आंधी-पानी को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इन जिलों में तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। साथ आसमान से आकाशीय बिजली के गिरने का भी खतरा बना रहेगा। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
अगले 24 घंटे तक बारिश-आंधी का खतरा
मौसम विभाग की माने तो बंगाल की खाड़ी में लगातार नमी बनी हुई है, जिसके कारण बिहार में मानसून की गतिविधियां काफी मजबूत बनी हुई हैं। विभाग ने अगले 24 घंटे तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है। वहीं, अगले 48 घंटे में बिहार में मानसून की एंट्री होने की संभावना जताई गई है।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 10 लोगों की मौत
एक तरफ जहां बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है। वहीं, दूसरी ओर बारिश के साथ गिर रही आकाशीय बिजली कई परिवार के लिए काल बनकर आई। कल गुरुवार को अलग-अलग जिलों में हुए वज्रपात की घटना में कुल 10 लोगों की मौत हो गई। खगड़िया जिला सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां ठनका गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 7 लोग इसकी चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गए।
मधेपुरा के खापुर पंचायत में आसमानी कहर से पति-पत्नी की मौत हो गई। वहीं, सहरसा के कांप पश्चिमी पंचायत में एक महिला की मौत हो गई, जबकि भागलपुर में एक किसान की वज्रपात के संपर्क में आने से जान चली गई। वहीं, भोजपुर में तेज आंधी से घर का करकट उड़कर एक महिला पर गिर गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: तीन दरोगा समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत, पुलिस महकमे में पसरा मातम

