Bihar Today Weather: बिहार में भीषण गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत दिख रहे हैं। दरअसल एक तरफ जहां, दक्षिण और पश्चिम बिहार भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। वहीं, सीमांचल व पूर्वोत्तर बिहार के कई जिलों में आसमानी बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं। इस बीच पटना मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दक्षिण-पश्चिम बिहार में हीटवेव
मौसम विभाग ने आज सोमवार 25 मई को दक्षिण और पश्चिम बिहार के जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग की माने तो पिछले दिनों के मुकाबले हीटवेव का असर और तेज हो सकता है। वहीं, इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लू चलने की संभावना है। ऐसे में विभाग ने तेज धूप में लोगों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। वहीं, बच्चों, बुजुर्ग और बिमार लोगों का विशेष ख्याल रखने को कहा गया है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
एक तरफ जहां दक्षिण-पश्चिम बिहार का इलाका भीषण गर्मी की चपेट में है। वहीं, सीमांचल और पूर्वोत्तर बिहार के जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक कटिहार, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और मधेपुरा में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। इन जिलो में तेज गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। वहीं, कुछ जगहों पर आसमान से आसमानी बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों से खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
आम जनजीवन हो रहा प्रभावित
बता दें कि बिहार के ज्यादातर जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। भीषण गर्मी और तेज धूप से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग धूप के समय बाहर निकलने से बचते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, इस भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है।
बेवजह धूप में निकलने से बचने की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचने के लिए अधिक से अधिक पानी पीने, हल्का कपड़ा पहनने और बेवजह धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। इसके साथ ही खेती और पशुपालन से जुड़े काम करने को लेकर सावधानी बरतने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: जदयू कार्यालय में जनसुनवाई, कांग्रेस की बैठक, BJP का सहयोग कार्यक्रम, समीक्षा बैठक

