Bihar Today Weather: बिहार में बीते कई दिनों से मौसम लगातार मेहरबान है। राजधानी पटना समेत ज्यादातर जिलों में बारिश देखने को मिल रही है, जो किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस बीच मौसम विभाग ने आज गुरुवार (23, जुलाई) को राज्य के 9 जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही राजधानी पटना समेत 21 जिलों में मौसम सुहावना बना रहेगा। इन क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ ही हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।

अगले कुछ दिनों का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक बिहार में बारिश का दौर जारी रहेगा। विभाग के अनुसार आज 23 जुलाई और 27 व 28 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। ऐसे में मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। खेत में काम करने वाले किसानों को खासकर ऐसे समय में विशेष तौर पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

निचले इलकों में बाढ़ का खतरा

कल की बात करे तो बुधवार को राजधानी पटना समेत कई जिलों में अच्छी खासी बारिश देखने को मिली, जिससे दिनभर मौसम सुहावना बना रहा। बता दें कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से बिहार में इन दिनों मानसून लगातार सक्रिय है, जिसकी वजह से प्रदेश भर के ज्यादातर हिस्सों में लगातार बारिश देखने को मिल रही है। बारिश के दौरान निचले इलाकों में बाढ़ और जलभराव जैसी समस्या उतपन्न हो सकती है, जिसे लेकर स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट किया गया है।

किसानों के लिए फायदेमंद बारिश

एक तरफ प्रदेश भर में हो रही अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। यदि अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही बारिश होती रही तो यह धान की खेती के लिए बेहद ही फायदेमंद हो सकती है। हालांकि ठीक इसके दूसरे तरफ कई लोगों के लिए मौसम में हुआ यह बदलाव काल साबित हुआ है। बीते दो दिनों में बारिश के दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने और उसकी चपेट में आने के कारण कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: मानसून सत्र का चौथा दिन, छात्रों का प्रदर्शन, भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस