Bihar Today Weather: बिहार में बीते कुछ दिनों से बारिश का दौर लगातार जारी है। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है। वहीं, इस बीच मौसम विभाग ने आज मंगलवार (8, सितंबर) को राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावनाएं जताई है। इस दौरान तेज हवाएं चलने के साथ ही आसामन से आकाशीय बिजली के गिरने का भी खतरा बना रहेगा। खराब मौसम के दौरान मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने खासकर उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उससे जुड़े आसपास के इलाकों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और सुपौल शामिल हैं। विभाग ने सुपौल, दरभंगा, समस्तीपुर और सीतामढ़ी में आज भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

खराब मौसम के दौरान अलर्ट वाले इलाकों में अचानक तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जाहिर की गई है, जिसे लेकर विभाग ने इस दौरान लोगों को सर्तक और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है। चेतावनी के बीच मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। यह सिलसिला 8 सितंबर तक जारी रह सकता है।

दक्षिण बिहार में सामान्य रहेगा मौसम

वहीं, ठीक इसके उलट दक्षिण बिहार में आज मौसम सामान्य रह सकता है। राजधानी पटना समेत रोहतास, बक्सर, गया, औरंगाबाद, अरवल जैसे इलाकों में बारिश होने की संभावना बेहद ही कम है। विभाग की ओर से इन इलाकों में बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है। हालांकि मानसून के चलते कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

बाढ़ की चपेट में 13 जिले, घरों में घुसा पानी

एक तरफ जहां, बिहार में लगातार बारिश का दौर जारी है। वहीं, दूसरी तरफ नेपाल और उत्तराखंड से आ रहे बारिश की पानी के कारण कोसी, गंडक, सोन समेत कई नदियां उफान पर हैं। वहीं, पटना, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास समेत 13 जिलों में बाढ़ का पानी घुस गया है। अदरी और पुनपुन समेत अन्य स्थानीय नदियों का भी जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नीचले रिहायशी इलाकों में पानी भरने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। कई जगहों पर तो घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। लोग पलायन करने को मजबूर हैं।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: जदयू कार्यालय में जनसुनवाई, BJP का सहयोग क्रार्यक्रम, प्रशांत किशोर की PC