Bihar Today Weather: बिहार में मानसून का असर अब दिखने लगा है। कुछ जिलों में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश देखने को मिल रही है। इस बीच मौसम विभाग ने आज सोमवार (6 जुलाई) के लिए राज्य के 20 जिलों में बारिश होने को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। वहीं, 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य बिहार के कई जिलों में गरज चमक के साथ बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें दरभंगा, समस्तीपुर, बांका, भागलपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, बक्सर, अरवल, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, मधुबनी और सीतामढ़ी में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने सर्तक रहने की दी सलाह
मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में बारिश के साथ-साथ आसमान से आकाशीय बिजली के गिरने का भी खतरा बना रहेगा। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक बिहार में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
पटना समेत कई जिलों में बदला मौसम
कल रविवार की बात करे तो राजधानी पटना समेत कई जिलों में काले बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में हल्की-फुल्की बारिश भी देखने को मिली। बारिश होने से एक तरफ जहां, लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वहीं, किसानों के चेहरे भी खिल उठे। मौसम विभाग की माने तो अगले 24 से 48 घंटे के दौरान ऐसी ही स्थिति के बने रहने का अनुमान है।
सक्रिय हुआ मानसूनी सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी हवाएं लगातार बिहार की ओर बढ़ रही हैं। वहीं, सक्रिय मानसूनी ट्रफ और अनुकूल स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों की वजह से राज्य के कई हिस्सों में बादलों का विकास तेजी से हो रहा है, जिसके चलते आगामी घंटों में राज्य के अनेक जिलों में बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
ये भी पढ़ें- डबल मर्डर से दहल उठा बिहार, बांका में सिट्टू सिंह और गुंजन सिंह की गोली मारकर हत्या

