Banka Double Murder: बिहार के बांका में कल रविवार की देर शाम दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घात लगाए बदमाशों ने इस डबल मर्डर की घटना को अंजाम दिया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया-मकडुमा गांव के बीच की है। इस गोलीकांड में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हमलावर इस घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घात लगाए बदमाशों ने चलाई गोलियां
मृतक युवकों की पहचान सिट्टू सिंह और गुंजन सिंह के रूप में हुई है, जो धर्मराय गांव के रहने वाले थे। मिली जानकारी के अनुसार दोनों बाइक से कही जा रहे थे। इसी दौरान बलिया और मकडुमा गांव के बीच घात लगाए स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने दोनों को रोका और उनपर ताबतोड़ गोलियों की बौछार कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात को मृतकों के घर से 15 किलोमीटर दूर अंजाम दिया गया है।
मौके पर पहुंचे बांका एसपी ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर दोनों मृतकों की पहचान की। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए बांका एसपी, एसडीपीओ सर्किल इंस्पेक्टर समेत कई बड़े अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे भी बरामद किए हैं।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
डबल मर्डर की इस घटना पर बांका एसपी अमितेश कुमार ने कहा कि, प्रारंभिक जांच में यह एक ब्लाइंड केस प्रतित हो रहा है। कोई लीड या गवाह अभी तक सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर पता चला है कि सुनसान इलाका होने की वजह से अक्सर यहां पर कुछ लोगों का जमावड़ा रहता था। पुलिस इसे ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: भाजपा का सहयोग कार्यक्रम, जदयू की जनसुनवाई, हम की राज्य परिषद बैठक

