Bihar Today Weather: सावन के तीसरे सोमवार यानी की आज (17, अगस्त) को बिहार में मौसम के मिजाज में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। दरअसल मौसम विभाग ने राज्य के सभी 38 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। बारिश से कई इलाकों में लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन तेज हवा और वज्रपात के कारण कुछ जगहों पर परेशानी भी बढ़ सकती है। खराब मौसम के दौरान मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र

मौसम में हुए इस बदलाव की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र बताया जा रहा है। यह सिस्टम पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटीय इलाकों के आसपास सक्रिय है। इसके साथ बना चक्रवाती परिसंचरण ऊपरी वायुमंडल तक फैला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है, साथ ही इसके और मजबूत होने की संभावना है। वहीं, मॉनसून ट्रफ भी सक्रिय बना हुआ है। इन मौसमी सिस्टम के असर से बिहार में अगले कुछ घंटों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।

जानें राजधानी पटना का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक आज राजधानी पटना में दिनभर बादल छाए रहेंगे। जिले के कुछ हिस्सों में तेज बारिश व तेज गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। बारिश और बादलों की आवाजाही के बीच पटना का मौसम सुहावना बना रहेगा। वहीं, इस बीच लोगों को उमस भरी गर्मी से भी राहत मिलेगी। हालांकि मौसम के खराब होने के दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा, जिसे लेकर विभाग ने इस दौरान लोगों को सर्तक और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है।

इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने तेज बारिश और वज्रपात को लेकर पटना, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, नवादा, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, भागलपुर रोहतास, अरवल, बांका, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं पश्चिमी चंपारण से लेकर किशनगंज तक कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, गोपालगंज, सीवान, सारण, शिवहर, मुजफ्फरपुर,पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज शामिल हैं। चेतावनी के बीच मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: दशरथ मांझी की पुण्यतिथि, जदयू कार्यालय में जनसुनवाई, BJP का सहयोग कार्यक्रम