Bihar Today Weather: पूरे बिहार में मानसून का अब रौद्र रूप दिखने लगा है। प्रदेश में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने के साथ ही मौसम विभाग ने आज रविवार (19 जुलाई) के लिए प्रदेश भर में बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग ने 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 20 जिलों के लिए बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। वहीं, 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने जिन जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, उनमें राजधानी पटना समेत नवादा, नालंदा, बांका, किशनगंज, अररिया, सुपौल और मधुबनी समेत अन्य जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में पानी भरने और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों और प्रशासन को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम और बारिश के दौरान लोगों से बेवजह घर से बाहर निकलने और यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
हालांकि रोहतास, कैमूर और बक्सर समेत पश्चिमी जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे इन क्षेत्रों के लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
अब तक 55 फीसदी कम हुई बारिश
शुरू में मानसून के कमजोर होने के बाद भी प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली है। कल 18 जुलाई तक बिहार में 206.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस दौरान सामान्य तौर पर 371.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। यानी राज्य में अब भी करीब 46 फीसदी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार अब भी 55 फीसदी कम बारिश हुई है।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: बांकीपुर उपचुनाव में तेज हुई सियासी जंग, मैदान में उतरेंगे नितिन नबीन..


