कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

बांकीपुर में नितिन नबीन का जनसंपर्क, भाजपा के लिए मांगेंगे वोट

बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में अब कम समय बचा है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में तेजी से जुट गए हैं। इसी क्रम में आज रविवार 19 जुलाई को सुबह 11 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बांकीपुर में जनसंपर्क कर पार्टी के उम्मीदवार नीरज सिन्हा के लिए वोट मांगेंगे। नीरज सिन्हा के साथ बांकीपुर उपचुनाव नितिन नबीन के लिए भी किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। गौरतलब है की उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई इस सीट पर ही उपचुनाव हो रहा है। ऐसे में वह इस सीट पर बीजेपी को जिताने के लिए कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।

रेखा गुप्ता के पक्ष में प्रचार करेंगे महागठबंधन के कई नेता, घर-घर जाकर मांगेंगे वोट

बांकीपुर उपचुनाव के लिए राजद से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। रेखा गुप्ता की जीत के लिए आज रविवार को दोपहर 12 बजे से राजद समेत महागठबंधन के कई नेता बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करेंगे और लोगों से महागठबंधन के पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे। बता दें कि राजद ने पार्टी के प्रचार के लिए अलग-अलग कई टीमें बनाई हैं, जो विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर जनता से रेखा गुप्ता के पक्ष में मतदान करने की लोगों से अपील करेंगे। हालांकि उपचुनाव के बीच नेता विरोधी दल तेजस्वी के विदेश यात्रा को लेकर विपक्ष के नेता लगातार सवाल उठा रहे हैं।

कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन

कांग्रेस कार्यालय में आज दोपहर 2 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम संबोधित करेंगे। इसके साथ ही पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रह सकते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजेश राम बांकीपुर उपचुनाव को लेकर अपनी राय सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही वे राज्य की मौजूदा राजनीतिक हालात, अपराध, महंगाई, भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर सरकार की नाकामियों को भी मीडिया के सामने रख सकते हैं।

प्रशांत किशोर की पटना के गोलघर क्षेत्र से राजापुर तक पैदल यात्रा

जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव को लेकर लगातार जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। आज रविवार (19 जुलाई) को दोपहर 2 बजे से वह पटना के गोलघर क्षेत्र से राजापुर तक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में पैदल यात्रा कर अपने लिए वोट मांगेंगे। इसके साथ शाम के समय वह कई जगहों पर नुक्कड़ सभा कर जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि पीके के बांकीपुर उपचुनाव लड़ने से चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प हो चुका है। बीजेपी के नीरज सिन्हा और राजद की रेखा गुप्ता को वह कड़ी टक्कर दे सकते हैं।

ये भी पढ़ें- अवैध संबंधों के शक और विवाद में ससुर-बहू समेत दो की मौत