Bihar Today Weather: बिहार में इस बार मानसून की रफ्तार धीमी दिख रही है। दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में बारिश का मानसून की एंट्री हो चुकी है, लेकिन कई जिलों में अभी भी मानसून के पूरी तरह से सक्रिय नहीं होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच आज मंगलवार (16 जून) के लिए मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आंधी-पानी को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 14 जिलों के लिए ऑरेंज और 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट
मौसम विभाग ने दरभंगा, समस्तीपुर, बांका, भागलपुर, मुंगेर, जमुई, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, लखीसराय, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, मधुबनी और सीतामढ़ी में तेज बारिश के साथ आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है।
आसमान से बिजली गिरने का खतरा
इन जिलों में तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। साथ आसमान से आकाशीय बिजली के गिरने का भी खतरा बना रहेगा। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक बिहार में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
राजधानी पटना का मौसम
राजधानी पटना की बात करे तो मौसम विभाग के मुताबिक आज जिले में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, कुछ हिस्सों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि दिनभर लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। शहर का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
अधिकतम तापमान में हो सकती है गिरावट
पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग जिलों में हुई रुक-रुककर बारिश और आंधी के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक यदि इसी तरह का मौसम बिहार में आगे भी बना रहा तो अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की और गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को पड़ रही उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: जदयू कार्यालय में जनसुनवाई, BJP का सहयोग कार्यक्रम, राजद और कांग्रेस की PC

