Bihar Today Weather: पूरे बिहार में मानसून के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार अच्छी बारिश देखने को मिल रही है। राजधानी पटना समेत नवादा, नालंदा, बांका और किशनगंज समेत कई जिलों में बारिश हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने आज सोमवार (20 जुलाई) के लिए राज्य के 14 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।

इसके साथ ही विभाग ने अगले 3 दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भारी और लगातार बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। वहीं, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन जिलों में भारी से अति बारी बारिश

मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार भभुआ, गोपालगंज, रोहतास और पश्चिम चंपारण के कुछ इलाकों में अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं पटना, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, गया, जहानाबाद, नवादा, समस्तीपुर, सीवान और वैशाली समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

लोगों से सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार बारिश के दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

अगले तीन दिन तक बना रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार से शुरू होने वाला बारिश का यह सिलसिला अगले तीन दिनों तक जारी रह सकता है। दक्षिण बिहार के जिलों में अच्छी वर्षा होने के आसार हैं। लगातार हो रही बारिश से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि निचले इलाकों में जलभराव की परेशानी बढ़ सकती है।

कल रविवार को कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

कल के मौसम की बात करे तो रविवार को प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। राजधानी पटना समेत किशनगंज और कुछ इलाकों में भारी बारिश देखने को मिला। वहीं, बेगूसराय, नालंदा, वैशाली और लखीसराय समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई है। वहीं, अन्य इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिला या फिर आसमान में काले बादल छाए रहे, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली।

कई लोगों के लिए काल बनी बारिश

एक तरफ प्रदेश भर में हो रही अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। तो वहीं, दूसरे तरफ कई लोगों के लिए मौसम में हुआ यह बदलाव काल साबित हुआ है। दरअसल नालंदा समेत कई जगहों पर बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने और उसकी चपेट में आने से कई लोगों की जान चली गई।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: मानसून सत्र का आगाज, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर हलचल तेज, कांग्रेस की PC