कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
मानसून सत्र का आगाज, सम्राट सरकार का होगा पहला सत्र
बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र आज सोमवार 20 जुलाई से शुरू हो रहा है, जो 24 जुलाई तक चलेगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस सत्र को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। 20 जुलाई से शुरू होने वाला इस बार का मानसून सत्र कई मायनों में खास होने वाला है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का यह पहला सत्र होगा, जिसमें वह अपने 100 दिनों के कार्यकाल की उपलब्धियों को सदन में पेश करेगा। वहीं, पिछले 21 सालों में यह पहला मौका होगा, जब विधानमंडल की कार्यवाही के दौरान नीतीश कुमार सदन में मौजूद नहीं रहेंगे।
बांकीपुर में नितिन नबीन का जनसंपर्क, भाजपा के लिए मांगेंगे वोट
बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में अब कम समय बचा है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में तेजी से जुट गए हैं। इसी क्रम में आज सोमवार 20 जुलाई को भाजपा नीरज सिन्हा के पक्ष में पार्टी के नेता व मंत्री चुनाव प्रचार करेंगे। इस दौरान भाजपा के नेता व मंत्री मंदिरी में नुक्कड़ सभा के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे।
प्रशांत किशोर की पटना के गोलघर क्षेत्र से राजापुर तक पैदल यात्रा
जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव को लेकर लगातार जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। आज सोमवार 20 जुलाई को वह दोपहर 1 बजे स्टेशन रोड से वह अपनी पैदल यात्रा शुरू करेंगे। इस दौरान वह बांकीपुर विधानसभा क्षेत्रों में पैदल यात्रा करते हुए लोगों से जनसुराज के पक्ष में वोट देने की अपील करेंगे। इसके साथ शाम के समय वह कई जगहों पर नुक्कड़ सभा कर जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि पीके के बांकीपुर उपचुनाव लड़ने से चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प हो चुका है। बीजेपी के नीरज सिन्हा और राजद की रेखा गुप्ता को वह कड़ी टक्कर दे सकते हैं।
कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन
कांग्रेस कार्यालय में आज दोपहर 2 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम संबोधित करेंगे। इसके साथ ही पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रह सकते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजेश राम बांकीपुर उपचुनाव को लेकर अपनी राय सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही वे राज्य की मौजूदा राजनीतिक हालात, अपराध, महंगाई, भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर सरकार की नाकामियों को भी मीडिया के सामने रख सकते हैं।
ये भी पढ़ें- हनी ट्रैप का हाई-टेक खेल: AI और डीपफेक से कारोबारी को बनाया निशाना, 97 लाख वसूले


