Bihar Today Weather: बिहार में एक बार फिर से मानसून की रफ्तार कम होती दिख रही है, जिसके चलते प्रदेश भर के मौसम में बदलाव देखने मिल सकता है। मौसम विभाग ने आज 30 जुलाई के लिए प्रदेश के किसी भी जिले या हिस्से में भारी बारिश को लेकर संभावना नहीं जताई है। हालांकि उत्तर बिहार के कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ आंधी के चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, दक्षिण बिहार के लोगों को एक बार फिर से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

12 जिलों में आंधी वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज गुरुवार (30 जुलाई) के लिए 12 जिलों में आंधी और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के साथ सहरसा, किशनगंज, मधेपुरा, अररिया, सारण, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल सीवान और गोपालगंज जिले में आंधी के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में इन जिलों के लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने आंधी के दौरान लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंबों के पास खड़े होने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

जानें राजधानी पटना का मौसम

राजधानी पटना के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक पटना में आज दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है। हालांकि तेज बारिश को लेकर किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट या जानकारी विभागी की ओर से नहीं दी गई है। इस दौरान शहर का तापमान 35 डिग्री के आसपास रह सकता है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है।

क्यों कमजोर पड़ा मॉनसून?

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना ऊपरी वायु चक्रवाती सिस्टम अब मॉनसून ट्रफ में मिल गया है। वहीं झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के पास बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसका असर बिहार पर ज्यादा पड़ने की संभावना नहीं है। इसी कारण राज्य में फिलहाल बारिश की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं।

1 अगस्त के बाद झमाझम बारिश

हालांकि राहत भरी खबर यह है कि मौसम विभाग ने 1 अगस्त के बाद बिहार में फिर से मानसूनी गतिविधियों के तेज होने की संभावना जाहिर की है। विभाग के मुताबिक अगस्त के पहले सप्ताह में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी और झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। इससे किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह, सुबह-सुबह बूथों पर उमड़ी भीड़