Bihar Today Weather: बिहार में मानसून की एंट्री होने से पहले ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल हुआ है। कल रविवार को राज्य के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
आज इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने आज कई जिलों में तेज गरज-चमक और आंधी के साथ भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार खगड़िया, कैमूर, गया, नालंदा, वैशाली, बक्सर, सारण, औरंगाबाद, लखीसराय, मुंगेर, बांका, कटिहार, सुपौल मधेपुरा, जमुई और वेस्ट चंपारण में आज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में ठनका गिरने का भी खतरा बना रहेगा। वहीं, 10 और 11 जून को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
नालंदा में 7 सेंटीमीटर तक हुई वर्षा
पिछले 24 घंटे की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। नवादा जिले में सबसे अधिक 7 सेंटीमीटर (भारी वर्षा) रिकॉर्ड की गई। इस दौरान कई जिलों में बारिश से पहले और साथ में तेज आंधी भी देखने को मिला। बारिश और आंधी की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिली है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है।
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी बढ़ा रही बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी युक्त हवाएं बिहार की ओर बढ़ रही हैं। इसके साथ ही स्थानीय मौसमी तंत्र भी सक्रिय है, जिसके कारण राज्यभर में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। यही वजह है कि पटना समेत उत्तर और दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम सुहाना बना हुआ है और रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
वज्रपात को लेकर अलर्ट रहने की सलाह
मौसम विभाग ने बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
15 जून के बाद बिहार पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून पश्चिम-मध्य और पूर्वी मध्य अरब सागर, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, तथा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ज्यादातर हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके अलावा मणिपुर और मिजोरम के भी कुछ क्षेत्रों में मानसून ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। यदि वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो बिहार में 15 जून के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश करने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: खान सर मामले में सुनवाई आज, बीजेपी का सहयोग कार्यक्रम, जदयू कार्यलय में जनसुनवाई

