Bihar Today Weather: बिहार में समय से पहले मानसून की एंट्री होने के बाद भी लोग बारिश के लिए तरस रहे हैं। दरअसल इस साल समय से पहले राज्य मानसून के आने से किसानों और लोगों के चेहरे तो खिले हुए थे, लेकिन मानसून की रफ्तार धीमी होने से अभी लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच आज बुधवार (17 जून) के लिए मौसम विभाग ने राज्य के 26 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें दरभंगा, समस्तीपुर, बांका, भागलपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, बक्सर, अरवल, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, मधुबनी और सीतामढ़ी में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
50 की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग इन जिलों में तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने को लेकर येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की है। साथ आसमान से आकाशीय बिजली के गिरने का भी खतरा बना रहेगा। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक बिहार में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
राजधानी पटना का मौसम
राजधानी पटना की बात करे तो मौसम विभाग के मुताबिक आज जिले में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, कुछ हिस्सों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि दिनभर लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। शहर का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
सुस्त पड़ी मानसून की गतिविधियां
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ने बिहार में दस्तक तो दे दी है, लेकिन इसकी प्रगति फिलहाल धीमी बनी हुई है। इसकी सबसे बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ जाना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक खाड़ी से मजबूत मानसूनी हवाओं का प्रवाह नहीं होगा, तब तक राज्य में व्यापक और अच्छी बारिश की संभावना कम रहेगी।
इसी कारण बिहार के अधिकांश इलाकों में मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। फिलहाल कुछ स्थानों पर ही हल्की से मध्यम बारिश या छिटपुट वर्षा देखने को मिल रही है, जबकि राज्य के बड़े हिस्से में मानसूनी गतिविधियां सुस्त बनी हुई हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: सम्राट कैबिनेट की बैठक, शिवराज सिंह चौहान की PC, जनसुनवाई, BJP का सहयोग कार्यक्रम

