Bihar Today Weather: बिहार में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलता हुआ दिख रहा है। मौसम विभाग ने आज सोमवार (28, सितंबर) को प्रदेश के 12 जिलों में आंधी-पानी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बाकी के अन्य जिलों में मौसम के सामान्य रहने की संभावना है। अलर्ट वाले जिलों में बारिश के दौरान 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, कई इलाकों में गरज-चमक की स्थिति भी देखने को मिल सकती है।

17 जिलों में फिर से बाढ़ का खतरा

साइक्लोन अर्नब के असर से पटना समेत बिहार के 26 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। हालांकि, पूरे राज्य में अब भी औसत से 31 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं, गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। बेगूसराय में पिछले 24 घंटे के दौरान गंगा के जलस्तर में 2 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। आने वाले समय में जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। नेपाल के तराई इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर बिहार की नदियों पर भी दिख रहा है। गंडक और कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थिति गंभीर बनी हुई है। इससे 17 जिलों के करीब 6 गांव टापू में तब्दील हो गए हैं, जबकि लगभग 500 घर पानी में डूब गए हैं।

चक्रवाती सिस्टम का असर हुआ कमजोर

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से उठे कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने के बाद बिहार में बड़ी मात्रा में नमी पहुंची। इसी दौरान उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इस नमी के कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। पिछले तीन दिनों के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं। अब यह मौसमी सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, जिससे बारिश की गतिविधियों में भी कमी आने की संभावना है।

पटना में बारिश को लेकर अलर्ट नहीं

राजधानी पटना की बात करे तो मौसम विभाग ने जिले में बारिश को लेकर आज के लिए फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। यहां दिन के समय में मौसम के सामान्य रहने और धूप निकलने की संभावना है। साथ ही बीच-बीच में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। इसके बाद कई जिलों में धूप निकलने के साथ मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो सकता है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: राजद की PC, भाजपा का सहयोग कार्यक्रम, कांग्रेस और वाम दलों का हल्ला-बोल