Bihar Top News Today 01 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 01 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
TRE-4 नोटिफिकेशन जारी करने के लिए सड़क पर उतरे युवा
सहरसा। बिहार में शिक्षक भर्ती के इंतजार में बैठे युवाओं का धैर्य अब जवाब देने लगा है। इसी कड़ी में आज सहरसा में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं और शिक्षक अभ्यर्थियों ने एक विशाल ‘बेरोजगार आक्रोश मार्च’ निकाला। यह प्रदर्शन जिला परिषद परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय के मुख्य द्वार तक पहुंचा जहां युवाओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ड्यूटी के दौरान BSF जवान की हार्ट अटैक से निधन
गोपालगंज। जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के भेडिया गांव के रहने वाले और सीमा सुरक्षा बल में तैनात देश के वीर जवान अनुज तिवारी का ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से असामयिक निधन हो गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, अनुज तिवारी वर्तमान समय में मेघालय की राजधानी शिलांग में बीएसएफ के जवान के रूप में पदस्थापित थे और देश की सीमाओं की सुरक्षा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह वे अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। जब तक उन्हें चिकित्सीय सहायता मुहैया कराई जाती, तब तक दिल का दौरा पड़ने के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली। ड्यूटी के दौरान देश की सेवा करते हुए उनका इस तरह अचानक चले जाना बेहद दर्दनाक है।
सड़क हादसे में दो जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत
गोपालगंज। जिले से एक बेहद ही दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां श्रीपुर थाना क्षेत्र के बैरागी टोला रानी पोखर चारमुहानी के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो सगे दोस्तों की जान चली गई। इस हादसे के बाद से दोनों मृतकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान कपूर चक गांव निवासी रामदेव सिंह के 18 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार और बलभद्र परसा गांव निवासी लक्ष्मण सिंह के 18 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों गहरे मित्र थे और अक्सर साथ ही रहा करते थे। परिजनों के मुताबिक, सोनू और प्रकाश मिश्र बतरहा बाजार से घरेलू सामान की खरीदारी कर एक ही बाइक से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बैरागी टोला चारमुहानी के पास विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार सीवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र निवासी नंदन कुमार (38 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी न होने पर टावर पर चढ़ा युवक
मोतिहारी। इन दिनों सोशल मीडिया के दौर में प्रेम प्रदर्शन के अजीबोगरीब तरीके सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में बिहार के मोतिहारी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के गडहीया थाना अंतर्गत खैरावा गांव में शादी की जिद पूरी न होने पर एक युवक ने मोबाइल टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा किया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। खैरावा गांव निवासी इमरान नामक युवक पिछले कुछ समय से शादी करने के लिए बेताब था। वह चाहता था कि परिजन जल्द से जल्द उसकी शादी करा दें। उसने अपनी इस इच्छा के बारे में घर वालों को कई बार अवगत भी कराया लेकिन परिजनों ने आर्थिक तंगी या अन्य कारणों से तत्काल शादी कराने में अपनी असमर्थता जताई। घर वालों की ना सुनने के बाद इमरान ने अपनी बात मनवाने के लिए बेहद खतरनाक रास्ता चुना।
पंखे से लटका मिला बीपीसीएल कर्मी का शव
गोपालगंज। जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हरखवली गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 21 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में संदिग्ध अवस्था में पंखे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक युवक की पहचान शिवहर जिला के श्यामपुर थाना अंतर्गत उमेद छपरा गांव निवासी नवलेश पांडेय के पुत्र अनुज कुमार के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अनुज मीरगंज में स्थित बीपीसीएल कंपनी में कार्यरत था। वह हरखवली गांव में एक मकान में किराए पर कमरा लेकर अकेले रहता था और सोमवार को उसका शव फंदे से झूलता हुआ बरामद हुआ।
गिरिराज सिंह को बड़ी राहत
बेगूसराय। केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह को सोमवार को एक बड़ी कानूनी राहत मिली है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उनके द्वारा दिए गए कथित तीन हाथ जमीन वाले विवादित बयान से जुड़े मामले में बेगूसराय के एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है। यह मामला वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान का है। बेगूसराय के जीडी कॉलेज मैदान में आयोजित एक चुनावी जनसभा में, तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी गिरिराज सिंह ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी। इस बयान के बाद तत्कालीन जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने उन पर दंगा भड़काने सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
राबड़ी देवी को लेशी सिंह की नसीहत
पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने इस मुद्दे पर सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए साफ कर दिया है कि राबड़ी देवी को यह आवास हर हाल में खाली करना होगा। मंत्री लेशी सिंह ने स्पष्ट किया कि 10 सर्कुलर रोड का आवंटन पूरी तरह से नियमों के दायरे में रहकर किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि यह सरकारी आवास बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है, जो एक दलित समुदाय से आते हैं। मंत्री ने तल्ख लहजे में सवाल किया कि क्या एक दलित मंत्री को बड़े या अच्छे आवास में रहने का हक नहीं है? उन्होंने कहा कि विभाग ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नंद किशोर राम को यह घर दिया है, क्योंकि इससे पहले उन्हें जो आवास उपलब्ध कराया गया था, वह उनके अनुरूप नहीं था।
जनगणना कर्मियों को ग्रामीणों ने समझा चोर
मोतिहारी/पूर्वी चंपारण/पकड़ीदयाल: जिले के पकड़ीदयाल प्रखंड अंतर्गत सिरहा पंचायत के वार्ड संख्या 5, हसनाबाद में जनगणना कार्य को लेकर एक अजीबोगरीब और तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। रात के सन्नाटे में जनगणना करने पहुंचे कर्मियों को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के अनुसार रात्रि करीब 10 बजे जब पूरी बस्ती गहरी नींद में थी, तब जनगणना कर्मी मोबाइल की टॉर्च जलाकर घरों में पहुंच गए। अचानक रात के अंधेरे में अनजान लोगों को घर के बाहर देख ग्रामीण सहम गए। निवासियों ने उन्हें चोर समझकर शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते आक्रोशित ग्रामीणों ने लाठी-डंडे निकाल लिए और कर्मियों को वहां से खदेड़ने का प्रयास किया।
आवास खाली करने के मूड में नहीं राबड़ी देवी
Rabri Residence: राबड़ी आवास इस समय बिहार की सियासत का केंद्र बना हुआ है। दरअसल बिहार सरकार की ओर से 10 सर्कुलर रोड (राबड़ी आवास) को खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। भवन निर्माण विभाग की ओर से यह बंगला बिहार सरकार में दलित मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है, जिसके बाद से प्रशासन और विभाग राबड़ी देवी पर बंगला खाली करने का दबाव बना रही है। वहीं, राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड बंगला आवंटित किया गया है।
5 छात्राएं रहस्यमय तरीके से लापता
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नगर थाना क्षेत्र के साधु चौक इलाके से कोचिंग के लिए निकलीं पांच नाबालिग छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। शनिवार सुबह घर से निकलीं ये छात्राएं जब देर शाम तक वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों में कोहराम मच गया।
पूरी रात खोजबीन करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो थक-हारकर परिजनों ने नगर थाने को मामले की सूचना दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महकमा तुरंत एक्शन मोड में आ गया है और वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।

