Bihar Top News Today 01 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 01 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी
पटना। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मिलने वाली धमकी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर सुरक्षा खतरे के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। मंत्रालय को एक बिना हस्ताक्षर वाला धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ है, जिसके बाद उनके निजी सचिव ने तुरंत गृह विभाग को पत्र लिखकर कड़े कदम उठाने की मांग की है।
राजद में जिला अध्यक्षों के लिए तय हुई उम्र सीमा
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने आगामी सांगठनिक चुनावों और रणनीतिक बदलावों के तहत संगठन में एक महत्वपूर्ण फेरबदल का ऐलान किया है। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव द्वारा शुरू की गई जिलावार बैठकों में यह तय किया गया है कि अब जिला अध्यक्ष पद की कमान पूरी तरह युवाओं के हाथों में सौंपी जाएगी। इस नई व्यवस्था के तहत वही व्यक्ति जिला अध्यक्ष बन सकेगा जिसकी उम्र 55 वर्ष से कम हो और जो भविष्य में कोई भी चुनाव नहीं लड़ेगा।
पार्टी का यह कदम चुनावी टिकटों की दावेदारी के टकराव को समाप्त करने और एक समर्पित फुलटाइम कैडर तैयार करने की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। पटना जिला (ग्रामीण) और पश्चिम चंपारण जिले के नेताओं के साथ शुरू हुई यह राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक 27 सितंबर तक चलेगी। वर्तमान में राजद की सभी जिला कमेटियां भंग हैं और पार्टी के पास कुल 55 सांगठनिक जिले हैं। तेजस्वी यादव ने बैठक में शामिल 200 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं से जिला अध्यक्ष पद के लिए चार-चार नाम सुझाने का आग्रह किया है, ताकि सांगठनिक ढांचे को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके।
खाते में अचानक आए 50 लाख
छपरा। शहर के तेलपा स्थित बिजली ऑफिस परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब 5 घंटे तक टावर पर बैठा रहा। शुरुआत में लोगों को मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने का अंदेशा था, लेकिन बाद में सामने आया कि युवक साइबर ठगी का शिकार होने के बाद कार्रवाई से परेशान था। युवक के अनुसार, वह ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगों के संपर्क में आया था। इसी दौरान उसके बैंक खाते में करीब 50 लाख रुपये की राशि आई और कुछ ही समय में वह राशि खाते से गायब भी हो गई। बाद में साइबर थाना की ओर से उसके खाते में आई इस रकम को लेकर उसे फ्रॉडिंग से संबंधित नोटिस मिला और उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कर दी गई।
तेजस्वी ने नौवीं अनुसूची के मुद्दे पर सरकार को घेरा
पटना। बिहार के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर कानून-व्यवस्था और आरक्षण के मुद्दों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने वैशाली जिले के चर्चित यूट्यूबर कुंदन कुमार की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई को आड़े हाथों लेते हुए सरकार को गंभीर चेतावनी दी है। इसके साथ ही, उन्होंने एनडीए के घटक दलों को आरक्षण के दायरे को बढ़ाने और इसे संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल कराने के सवाल पर घेरा है।
राघोपुर में 100 साल पुराना मंदिर गंगा में विलीन
बिहार के कई जिलों में नदियों के उफान और तेज कटाव से स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। भागलपुर के नवगछिया स्थित राघोपुर में गंगा नदी के भीषण कटाव ने तबाही मचा दी है, वहीं रोहतास जिले में सोन नदी के बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकर्ता पांडे ने मंदिर के गंगा में विलीन होने की घटना पर कहा कि प्रशासन की ओर से लगातार बचाव कार्य चलाए जा रहे थे, लेकिन गंगा नदी में अचानक बढ़े जलस्तर और तेज कटाव के कारण मंदिर को बचाया नहीं जा सका। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों को पूरी मुस्तैदी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
KYP संचालकों की आमरण अनशन शुरू
पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर कुशल युवा प्रोग्राम (KYP) के केंद्र संचालकों का आंदोलन अब और अधिक उग्र हो गया है। लम्बे समय से चली आ रही प्रशासनिक उपेक्षा और मांगों पर कोई सुनवाई न होने के कारण संचालकों ने अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का रास्ता चुन लिया है। इस आंदोलन को समर्थन देने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में केंद्र संचालक और ट्रेनिंग ले रहे अभ्यर्थी पटना पहुंचे हैं। संचालकों का साफ कहना है कि यह अस्तित्व की लड़ाई है, जिसे हर हाल में जीता जाएगा।
पैरा एथलीट ने जीता कांस्य पदक
नालंदा। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के मंच पर बिहार के नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड के लाल पैरा एथलीट झंडू कुमार ने अपनी मजबूत इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत के दम पर देश और दुनिया में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में उन्होंने कुल 190 किलोग्राम वजन उठाकर देश के लिए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता के बाद मंगलवार को उनके पैतृक क्षेत्र हरनौत बाजार में एक भव्य स्वागत और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां जनसैलाब उमड़ पड़ा।
रिश्वत लेते फुल्लीडूमर BDO रंगेहाथ गिरफ्तार
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई जा रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बांका जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार की सुबह पटना से आई निगरानी टीम ने फुल्लीडूमर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमित प्रताप सिंह को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए उनके निजी आवास से रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। निगरानी विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, फुल्लीडूमर प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश ने पटना स्थित निगरानी ब्यूरो के पास एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पंचायती राज विभाग से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति और राशि निकासी के एवज में बीडीओ अमित प्रताप सिंह द्वारा अवैध रूप से 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने एक विशेष टीम का गठन किया और मामले का गोपनीय भौतिक सत्यापन कराया। जांच में बीडीओ द्वारा घूस मांगे जाने का आरोप पूरी तरह सही साबित हुआ, जिसके आधार पर यह ट्रैप कार्रवाई योजनाबद्ध तरीके से की गई।
पटना शराबकांड मामले में 42 लोग गिरफ्तार
Patna Liquor Tragedy: पटना जहरीली शराब कांड मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। बाढ़ में चार युवकों की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही राजधानी पटना के ग्रामीण इलाकों में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस दौरान पुलिस ने अब तक कुल 42 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा कई अन्य लोगों को पूछताछ के लिए भी हिरासत में लिया है। हालांकि युवकों के मौत की असली वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
पप्पू यादव के कहने पर आदित्य राज ने खत्म किया धरना
पटना। राजधानी पटना के गर्दनीबाग में बीते रविवार (30, अगस्त) से धरने पर बैठे हुए 6 साल का आदित्य राज ने कल सोमवार (31, अगस्त) की देर रात मिलने के लिए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पहुंचे, उन्होंने आदित्य राज को इंसाफ दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद आदित्य ने 2 बजे रात को अपना धरना स्थगित कर दिया।
आदित्य राज ने कहा कि, सांसद पप्पू यादव ने उन्हें यह आश्वासन दिया है कि वे उनकी लड़की को सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे। हम उनकी बातों से संतुष्ट हैं, वो हमारे पिता सामान हैं, वो जो कह रहे हैं वो कर रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए हम अपना धरना खत्म कर रहे हैं।



