Bihar Top News Today 02 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 02 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
मदरसों की अब जमीनी स्तर पर होगी जांच
पटना। बिहार सरकार ने राज्य के अराजकीय अनुदानित मदरसों को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग ने इन मदरसों को मिलने वाले सरकारी अनुदान और वहां दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता की पारदर्शी जांच के आदेश दिए हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य के खजाने से मिलने वाली सहायता राशि का सही उपयोग छात्रों के शैक्षिक विकास में हो रहा है या नहीं।
सरकारी बंगला किसी की बपौती नहीं- CM
Bihar Politics: सीएम सम्राट चौधरी आज मंगलवार (2 जून) शेखपुरा जिले दौरे पर हैं, जहां उन्होंने ‘सहयोग शिविर’ में आवेदनों की प्राप्ति एवं निष्पादन हेतु लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण एवं अवलोकन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए राबड़ी आवास को लेकर जारी विवाद पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि, यह किसी की बपौती नहीं हो सकती है। यह राजतंत्र थोड़े है कि आपको जो घर मिला, उसी घर में रहेंगे। बेटा को अलग घर चाहिए और माताजी को अलग चाहिए और जनता को छोड़ दीजिए।
इनामी कुख्यात भोला सिंह को जेल
पटना। जिले के पंडारक का रहने वाला कुख्यात अपराधी और तीन लाख रुपये का इनामी भोला सिंह अब सलाखों के पीछे है। मंगलवार सुबह उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पश्चिम बंगाल से बाढ़ लाया गया, जहां बाढ़ कोर्ट में पेशी के बाद उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। भोला सिंह को सीबीआई ने 16 मई को सूरत से गिरफ्तार किया था। वह पिछले 12 वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था और पहचान बदलकर ‘गौतम’ और ‘अमित शर्मा’ के नाम से रह रहा था। सूरत से गिरफ्तारी के बाद उसे पश्चिम बंगाल में अपहरण के एक मामले में ले जाया गया था। मंगलवार को उसे बंगाल से ट्रेन द्वारा हाथीदह स्टेशन लाया गया और फिर सड़क मार्ग से बाढ़ थाना पहुचाया गया।
मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप
पटना (मसौढ़ी): राजधानी के उपनगर मसौढ़ी स्थित कृष्णापुरी मोहल्ले में बीती शाम आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जहां दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झड़प में कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
अस्पताल में नवविवाहिता का हाई-वोल्टेज ड्रामा
बेगूसराय। शहर स्थित सदर अस्पताल में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया जब एक नवविवाहिता का अजीबोगरीब रूप देखने को मिला। अस्पताल परिसर में पहुंची यह युवती पूरे शरीर पर सिंदूर पोते हुए घूम रही थी। उसने लगभग दो घंटे तक वहां हाई-वोल्टेज ड्रामा किया जिससे न केवल मरीज और उनके परिजन बल्कि अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी भी सकते में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती अचानक सदर अस्पताल के मुख्य द्वार से अंदर दाखिल हुई। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उसने अपने चेहरे के साथ-साथ पूरे शरीर पर सिंदूर लगा रखा था। उसकी यह विचित्र स्थिति देखकर वहां मौजूद लोग ठिठक गए। युवती परिसर के भीतर बेसुध सी इधर-उधर घूम रही थी और बीच-बीच में तेज आवाज में अजीबोगरीब बातें करने लगी।
भाकपा माले विधायक बोलें- केवल छल-कपट जानती है BJP
कैमूर। कैमूर पहुंचे समस्तीपुर के विभूतिपुर सीट के सीपीआईएमएल (CPIML) अजय कुमार ने एनडीए सरकार पर करारा हमला बोला है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, पैसे का प्रलोभन देकर भाजपा ने बिहार में एनडीए की सरकार बनाया है, लेकिन जो जनता से वादा किया था वह अभी तक पूरा नहीं किया गया है। अजय कुमार ने कहा कि, बिहार में ही नहीं पूरे देश में सभी नागरिकों को वोट देने का बाबा साहब डॉक्टर भीम राव अंबेडकर ने संविधान के तहत जगह दिया है, लेकिन भाजपा की सरकार जनता को पैसा का प्रलोभन देकर चुनाव जीतती है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बिहार में जनता को 10 हजार रुपए का प्रलोभन देकर एनडीए की सरकार बनाया गया है, और सत्ता मिलते ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुर्शी छीन लिया गया।
रील के चक्कर में वर्दी की गरिमा भूलीं महिला जवान
भागलपुर। शहर के बरारी घाट पर तैनात दो महिला होमगार्ड जवानों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ये जवान वर्दी में नाव पर सवार होकर बॉलीवुड के मशहूर गाने ‘ओ फिरकीवाली तू कल फिर आना’ और पंजाबी गानों पर रील बनाती नजर आ रही हैं। यह घटना उस समय की है जब विक्रमशिला पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने बरारी घाट से नवगछिया के बीच नाव सेवा शुरू की थी। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात इन जवानों का यह गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार अब विभाग के लिए चिंता का विषय बन गया है।
NEET छात्रा ने किया सुसाइड
पटना। बिहार की राजधानी पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित सचिवालय कॉलोनी के ‘राधे कृष्णा हॉस्टल’ में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां नीट (NEET) की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा श्रुति कुमारी ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका समस्तीपुर जिले की रहने वाली थी और पिछले दो वर्षों से इस हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।
दानापुर में खूनी लव ट्रायंगल, देवर की हत्या
पटना। दानापुर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नासरीगंज के तक्षशिला कॉलोनी में एक महिला के साथ अवैध संबंधों के शक में आरोपी आलोक यादव ने महिला के देवर इंदल की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के सीने में दो गोलियां मारी गई थीं। मृतक इंदल की भाभी के पति की मौत छह साल पहले बीमारी के कारण हो गई थी। इसके बाद, महिला के पड़ोसी और आरोपी आलोक यादव का उसके साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। कुछ समय बाद महिला आलोक के साथ घर छोड़कर चली गई थी। हालांकि हाल ही में महिला ने आलोक को भी धोखा दे दिया और उसके घर से नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गई।
मायागंज अस्पताल बना अखाड़ा
भागलपुर। शहर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) में सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले सुरक्षाकर्मी ही आज कानून अपने हाथ में लेते नजर आए। अस्पताल परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया जब अधीक्षक कार्यालय के सामने दो गुटों के सुरक्षाकर्मी आपस में हिंसक रूप से भिड़ गए। इस घटना ने अस्पताल की लचर सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

