Bihar Top News Today 02 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 02 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

बिहार MLC चुनाव में AAP की धमाकेदार एंट्री

पटना। बिहार की राजनीति में आम आदमी पार्टी ने एक बड़ा कदम उठाते हुए विधान परिषद (MLC) चुनावों में उतरने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। पार्टी ने राज्य की कुल आठ रिक्त सीटों में से चार सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है, जिससे आने वाला चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। ​निर्वाचन आयोग के शेड्यूल के मुताबिक, इन आठ सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को संपन्न होगा। नामांकन प्रक्रिया वर्तमान में जारी है और इसके लिए 6 अक्टूबर की तारीख आखिरी तय की गई है। इसके बाद 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी और नतीजे सामने आएंगे।
​बिहार के चुनावों में अमूल्य तौर पर सत्ताधारी एनडीए और विपक्षी महागठबंधन के बीच ही सीधी टक्कर देखने को मिलती है। हालांकि, इस बार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के साथ-साथ अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के मैदान में कूदने से मुकाबला त्रिकोणीय या बहुकोणीय हो गया है।

AC बस की ट्रेलर से टक्कर, हादसे में 4 यात्रियों की मौत

​दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही एक एसी स्लीपर बस उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर बस की एक टाइल्स से लदे ट्रेलर से जबरदस्त टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ​शुरुआती जांच और पुलिस के अनुसार, ‘तिघरा एक्सप्रेस’ ट्रैवल की यह बस करीब 50 यात्रियों को लेकर दिल्ली से दरभंगा के लिए रवाना हुई थी। घटना के वक्त बस की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर जैतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत यह दुर्घटना हुई। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार बस के ड्राइवर को अचानक झपकी आ गई, जिसके कारण नियंत्रण खो बैठा और बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। हादसे के बाद बस और ट्रेलर के ड्राइवर मौके से फरार हो गए।

लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर गिरेगी गाज

पटना। बिहार में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग प्रणाली को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में पुलिस मुख्यालय में गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार और प्रभारी डीजीपी प्रीता वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस व्यवस्था की मौजूदा स्थिति का बारीकी से आकलन किया गया।

ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी से मारपीट

पटना। फुलवारीशरीफ इलाके में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे खाकी को भी अपना निशाना बनाने से नहीं हिचकिचा रहे हैं। एक नियमित गश्त के दौरान जब महिला पुलिसकर्मियों ने संदिग्धों से पूछताछ की, तो एक सिरफिरे युवक ने सरेआम बदसलूकी करते हुए महिला पुलिसकर्मी पर थप्पड़ बरसा दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत

नालंदा। जिले के भागन बीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार की शाम भागन बीघा चौक के समीप नूरसराय मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार यात्री बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस भयानक हादसे में बस में सवार तीन यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। दुर्घटना के बाद स्टेट हाईवे-78 पर भारी अफरातफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

​जहानाबाद में भाकपा माले का प्रदर्शन

पटना। ​गांधी जयंती के अवसर पर जहानाबाद जिले में भाकपा माले की ओर से एक तीव्र विरोध मार्च निकाला गया और पुतला दहन गया। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर संविधान और लोकतंत्र की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग की है। ​माले जिला कार्यालय से यह विरोध मार्च शुरू हुआ, जो शहर के प्राचीन मंदिर मार्ग से होते हुए काको मोड़ तक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काको मोड़ पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, छात्र और नौजवान शामिल रहे।

तालाब में डूबने से 7 बच्चों की मौत

जिला पूर्वी चम्पारण पूर्वी चंपारण में आज हादसों का दिन रहा। दिन भर में आज कुल सात बच्चों की पानी में डूब कर मौत हो गई है । पहली घटना दिन में जिले पहाड़पुर में घटित हुई जिसमें जिउतिया पर्व को लेकर पोखर में नहाने के दौरान चार बच्चियों की डूब कर मौत्त हो गई । इस घटना का शोर अभी जिले में मचा ही था तबतक बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहां गांव के तीन बच्चे बर्थडे मनाने के लिये नदी किनारे गए थे तभी एक बच्चे का पर फिसल गया और वो नदी में जा गिरा इस बीच बारी बारी से दो अन्य बच्चे एक दूसरे को बचाने गए जिसमें तीनों की नदी में डूबकर मौत हो गई । वही घटनां की जानकारी मिलते ही मौके पर एसडीआरएफ की टीम और ग्रामीण गोताखोरों के सहयोग से तीनों बच्चे के शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल लाया गया। इसको लेकर सदर एसडीओ अरुण कुमार और सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि काफी दुखद घटना है और सरकार के द्वारा जो भी सहायता है उसे तुरंत दिया जायेगा

​पटना जंक्शन के पास मार्केट में भीषण आग, कई दुकानें जलकर खाक

पटना। पटना जंक्शन के बेहद करीब और व्यस्त इलाके में स्थित बुद्ध स्मृति पार्क के ठीक सामने वाले मार्केट में अचानक भीषण आग लग गई है। आग इतनी भयानक है कि इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही हैं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और डर का माहौल पैदा हो गया है। स्थानीय लोग अपनी जान बचाने और सामान सुरक्षित करने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। ​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत मार्केट की एक दुकान से हुई थी, लेकिन तेज हवाओं और आसपास ज्वलनशील सामग्री होने के कारण इसने पलक झपकते ही विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही मिनटों में आग ने आसपास की कई अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयंकर लपटों और काले धुएं के गुबार से पूरा आसमान ढंक गया है, जिसे देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भारी दहशत फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है।

रिंग तटबंध टूटने पर तीन इंजीनियर सस्पेंड

गोपालगंज। जिले के बैकुंठपुर प्रखंड अंतर्गत शीतलपुर में रिंग तटबंध के अचानक धराशायी होने की घटना को जल संसाधन विभाग ने बेहद गंभीरता से लिया है। प्रशासनिक चूक और घोर लापरवाही के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए विभाग ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है और तीन मुख्य जिम्मेदार इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से चलता कर दिया है। ​हादसे की गूंज पटना तक पहुंचने के बाद जल संसाधन विभाग ने बिना देर किए तुरंत और सख्त एक्शन लिया है। विभाग ने कार्यपालक अभियंता मोहम्मद साजिद इकबाल, सहायक अभियंता जावेद और कनीय अभियंता विकास कुमार को उनके पदों से हटा दिया है।

शिक्षा सेवकों का सरकार के खिलाफ मोर्चा

पटना। राजधानी पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर आज को शिक्षा सेवक और तालिमी मरकज से जुड़े लोगों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सरकार से उन्हें नियमित करने और लंबे समय से बकाया मानदेय का जल्द भुगतान करने के अलावा अपनी अन्य मांगों को धरने पर बैठे हैं।
धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान अपनी ओर खींचने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है, तो वे पटना की सड़कों पर उतरकर इस आंदोलन को और तेज करेंगे।