Bihar Top News Today 04 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 04 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
बिहार बंगला विवाद में सीएम का यू-टर्न
Bihar news: बिहार की राजनीति में बंगलों को लेकर चल रहा विवाद गहराता जा रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास केवल ‘1 अणे मार्ग’ (लोक सेवक आवास) ही रहेगा। राज्य सरकार ने पहले 5 देशरत्न मार्ग को 1 अणे मार्ग परिसर में जोड़कर उसे मुख्यमंत्री आवास का विस्तार देने का निर्णय लिया था जिसे अब आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया गया है।
5 देशरत्न मार्ग को मुख्यमंत्री आवास परिसर से अलग करने का यह निर्णय विपक्ष के विरोध और कानूनी जटिलताओं के बाद आया है। राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने याद दिलाया कि वर्ष 2019 में स्वयं बिहार सरकार ने पटना उच्च न्यायालय में हलफनामा दायर कर 5 देशरत्न मार्ग को उपमुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास घोषित किया था। सरकार के इस कदम को पुरानी गलतियों को सुधारने और विवाद को शांत करने की दिशा में देखा जा रहा है।
प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या
भागलपुर। जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पोखिया गांव निवासी 45 वर्षीय श्याम साह के रूप में हुई है। अपराधियों ने इतनी बेरहमी से घटना को अंजाम दिया कि उनके सिर में 7 गोलियां दाग दीं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे पोखरिया चौक के समीप हुई। श्याम साह नवगछिया से मकई की बिक्री कर अपनी बाइक से घर वापस लौट रहे थे। घात लगाए बैठे अपराधियों ने मौका पाते ही उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और श्याम साह की मौके पर ही जान चली गई।
ठनका की चपेट में आईं मां-बेटी की मौत
भागलपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एकचारी थाना क्षेत्र के खवासपुर पंचायत स्थित बड़ी चटाइयां गांव में आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से मां और उसकी बेटी की असमय मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय पूनम देवी और उनकी 16 वर्षीय बेटी सुप्रिया कुमारी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूनम देवी अपनी बेटी सुप्रिया के साथ दोपहर के समय लक्ष्मीनियां गांव स्थित अपने खेत में मक्का काटने गई थीं। वे दोनों अपने दैनिक कार्य में व्यस्त थीं कि तभी अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ।
जमीन विवाद में महिला की मौत, 3
घायल
बेगूसराय। खगड़िया में दबंगों का कहर देखने को मिला है, जहां जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के चार लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस की लापरवाही और दबंगों की लगातार मिल रही धमकियों को घटना की बड़ी वजह बताया है। खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र स्थित कड़वा मोड़ के पास 1 जून 2026 की देर रात करीब 2 बजे उस समय चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जब बदमाशों ने एक परिवार पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में 28 वर्षीय रचना कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय परी कुमारी, 58 वर्षीय जयकांत पासवान और उनकी पत्नी पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, और वे जिंदगी तथा मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
फायरिंग करने वाले खान सर के गार्ड्स गिरफ्तार
पटना। खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खान सर कोचिंग के दो सुरक्षा गार्ड को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसके साथ ही जांच की सुई अब खान सर और उनके कोचिंग से जुड़े पहलुओं की ओर भी बढ़ती दिख रही है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों सुरक्षा गार्ड से पूछताछ कर रही है। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की इस पूछताछ के बाद क्या कुछ निष्कर्ष निकलकर सामने आता है। दरअसल खान कोचिंग पर हुए हमले मामले में आज उस समय नया मोड़ सामने आया, जब सोशल मीडिया खान कोचिंग के बाहर फायरिंग से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। घटना के तुरंब बाद भी खुद खान सर की ओर से कहा गया था कि 8 से 10 राउंड की फायरिंग हुई है। हालांकि पुलिस ने जांच के बाद गोलीबारी की घटना से इंकार किया। इस बीच जब फायरिंग से जुड़ा यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पटना पुलिस ने खान कोचिंग के 2 सुरक्षा गार्ड को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मरीजों की मौत पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने साधी चुप्पी
मुजफ्फरपुर। जिले के एक निजी अस्पताल में आग लगने से मची तबाही ने पूरे बिहार को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में 5 मरीजों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पीड़ितों के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह घटना हुई। इस बड़ी त्रासदी पर जब पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से सवाल किए, तो उन्होंने कोई जवाब देना उचित नहीं समझा। वे हाथ जोड़कर और मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गए और दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वहीं, JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पत्रकारों का माइक झटक दिया, जो उनके अहंकार को दर्शाता है। हालांकि, घटना के करीब एक घंटे बाद स्वास्थ्य मंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दुख जताया और घायलों व मृतकों के परिजनों को मदद का आश्वासन दिया।
फर्जी सर्टिफिकेट पर नौकरी पाने वाले 5 शिक्षकों पर FIR
पटना/नालंदा। बिहार में पटना उच्च न्यायालय के सख्त निर्देशों के बाद नियोजित शिक्षकों के शैक्षणिक और प्रशिक्षण प्रमाण पत्रों की हो रही गहन जांच का असर दिखने लगा है। इसी कड़ी में निगरानी विभाग ने नालंदा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच फर्जी शिक्षकों के खिलाफ संबंधित थानों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। फर्जीवाड़े का यह खुलासा शिक्षा विभाग में हड़कंप मचाने वाला है। निगरानी विभाग के पुलिस अवर निरीक्षक सह कनीय सहायक जांचकर्ता वीरेन्द्र पासवान द्वारा दर्ज कराई गई इन प्राथमिकियों में पांच शिक्षकों को नामजद किया गया है। ये सभी शिक्षक हिलसा, राजगीर और सिलाव प्रखंडों में कार्यरत थे। जांच के दौरान यह पाया गया कि इन शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रमाणपत्रों का विवरण संबंधित विश्वविद्यालयों के रिकॉर्ड से कतई मेल नहीं खाता है। उल्लेखनीय है कि अब तक नालंदा जिले में ही ऐसे 80 से अधिक शिक्षकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है।
अस्पताल में आग लगने से 5 की मौत
मुजफ्फरपुर। जिले में गुरुवार अहले सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। शहर के एक निजी अस्पताल में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस भयावह अग्निकांड में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। ICU वार्ड 5वीं मंजिल पर था और वेटिंग हॉल चौथी मंजिल पर, इस कारण बचाव कार्य में भारी कठिनाई आई। दमकल कर्मियों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अस्पताल की खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव दल के प्रयासों से कई मरीजों की जान बचाई गई, लेकिन ICU में भर्ती मरीजों के लिए यह आग काल बनकर आई।
राजस्व कर्मचारी और दलाल रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
फुलवारीशरीफ/पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को पटना के फुलवारीशरीफ में एक राजस्व कर्मचारी राणा गोपाल और उसके दलाल गुड्डू को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। इन दोनों ने जमीन से जुड़ी जांच रिपोर्ट को आवेदक के पक्ष में तैयार करने के लिए यह घूस मांगी थी।
ओझा बताकर की बुजुर्ग की हत्या
Bihar Crime: बिहार के गयाजी में एक बुजुर्ग को ओझा बताकर उसकी पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कल बुधवार की रात बुजुर्ग के घर में दर्जनों की संख्या में घुसे लोग, जो नशे में धुत थे। उन्होंने बुजुर्ग को घसीटकर घर से बाहर निकाला और पीट-पीटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।हत्या को घटना का रूप देने के लिए सभी बदमाश बुजुर्ग के शव को घर से दूर ले जाकर उसे रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। इतना ही नहीं उन्होंने बुजुर्ग के दोनों हाथ भी काट दिए, जिससे यह रेल हादसा प्रतित हो। पूरी घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सोहैपुर पंचायत के बंधुआ गांव की बताई जा रही है। वहीं, मृतक बुजुर्ग की पहचान शांति नगर टोला के रहने वाले राजेंद्र मांझी (62) के रूप में हुई है। घटना की सचूना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को रैलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में बुजुर्ग का शव मिला। वहीं, शव से 500 मीटर की दूरी पर बुजुर्ग के कटे हुए दोनों हाथ मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।

