Bihar Top News Today 05 june 2026: बिहार (BIHAR) में आज 05 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
फायरिंग मामले में खान सर पर FIR
पटना: शहर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैसल खान, जिन्हें खान सर के नाम से जाना जाता है, कानूनी शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं। 2 जून की रात उनके कोचिंग सेंटर पर हुए हमले और उसके बाद हुई गोलीबारी के मामले में कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को ट्रक ने कुचला
पटना। जिले के बाढ़ अनुमंडल के अंतर्गत मरांची थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसा हुआ। मॉर्निंग वॉक पर निकली 52 वर्षीय एक महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में जा पलटा। मृतका की पहचान मरांची इंग्लिश गांव निवासी बच्ची देवी (52) के रूप में हुई है, जो सुरेश साव की पत्नी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्ची देवी रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह भी अपने गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर टहलने निकली थीं। इसी दौरान लखीसराय से मोकामा की ओर आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें बुरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
लालू फैमिली की सुरक्षा घटाई
पटना: बिहार सरकार ने लालू प्रसाद यादव के परिवार की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। राज्य गृह विभाग द्वारा जारी ताजा आदेश के अनुसार, लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा श्रेणी में कटौती करते हुए उनकी Z+ सुरक्षा वापस ले ली गई है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा पहले की तरह बरकरार रखी गई है। यह फैसला 4 जून को आयोजित राज्य सुरक्षा समिति की उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया। सुरक्षा संबंधी मानकों और खतरों के आकलन के बाद गृह विभाग ने अपनी विशेष शाखा को इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई सुरक्षा व्यवस्था लागू करने को कहा गया है।
7 करोड़ की ड्रग्स के साथ एक गिरफ्तार
पटना। बिहार की राजधानी के फुलवारीशरीफ इलाके में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गोपालपुर थाना पुलिस और डिजिटल इंटेलिजेंस यूनिट (DIU) की संयुक्त छापेमारी में करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका जीजा, जो इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, फिलहाल फरार है।
आमने-सामने राबड़ी और तेजस्वी
Bihar MLC Elections: बिहार में 18 जून को 10 सीटों पर होने वाले MLC चुनाव के लिए (1 जून, सोमवार) से नामांकन की प्रक्रिया शुरू है। बावजूद इसके अभी तक न तो महागठबंधन और ना ही एनडीए की तरफ से उम्मीदवारों या फिर सीट बंटवारे को लेकर कोई ऐलान हो पाया है। विधानसभा में सीटों की संख्या के आधार पर महागठबंधन एक सीट पर दावा पेश करती हुई नजर आ रही है। हालांकि इस एक सीट के लिए पार्टी के अंदर ही दो अलग-अलग नामों को लेकर गुट बनते हुए नजर आ रहे हैं।
मलबे में दबकर महिला की मौत
सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम स्थित बड्डी थाना क्षेत्र के मझुई गांव से एक घटना सामने आई है। भारी बारिश के बाद कमजोर हुई एक कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान मझुई गांव निवासी लोकनाथ बिंद की पत्नी विमला देवी के रूप में की गई है।
अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
चेनारी सासाराम। रोहतास जिले के चेनारी में सरकारी भूमि और सड़कों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शुक्रवार को नगर पंचायत प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ मुख्य मार्गों पर कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में अफरातफरी का माहौल रहा।
बिहार टेंडर घोटाले में ठेकेदार का करीबी संतोष गिरफ्तार
पटना। बिहार में चर्चा का विषय बने बहुचर्चित टेंडर घोटाले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एजेंसी ने घोटाले के मुख्य आरोपी रिशुश्री के बेहद करीबी सहयोगी संतोष को पटना से गिरफ्तार कर लिया है। संतोष की गिरफ्तारी को जांच में अब तक का सबसे बड़ा मोड़ माना जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि संतोष केवल रिशुश्री का सहयोगी ही नहीं, बल्कि उसके काले कारोबार का मुख्य स्तंभ था। वह रिशुश्री की कंपनी ‘मातृस्वा’ का निदेशक था और ‘रिलायबल’ नामक एक अन्य कंपनी भी उसी के नाम पर संचालित होती थी। दिलचस्प बात यह है कि रिशुश्री की पत्नी ऋतंभरा भी इन कंपनियों में निदेशक थीं। अधिकारियों का मानना है कि इन शेल कंपनियों के जरिए सरकारी टेंडरों में हेरफेर और नेटवर्किंग की जाती थी। मुख्य रूप से सुपौल से संचालित होने वाला यह नेटवर्क सरकारी विभागों से गोपनीय जानकारी जुटाकर अपने चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाता था।
RJD विधायक के मॉल में भीषण अग्निकांड
बेगूसराय। औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के केंद्र बेगूसराय में आज एक बड़ी दुर्घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम इलाके हर-हर महादेव चौक पर स्थित ‘कु-कु ट्रेडर्स’ मॉल में अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में लाखों-करोड़ों के सामान के जलकर राख होने का अनुमान है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत मॉल के इलेक्ट्रिक सेक्शन से हुई, जिसका प्राथमिक कारण शॉर्ट-सर्किट बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि मॉल में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े और अन्य कीमती सामान देखते ही देखते आग की चपेट में आ गए। धुएं के गुबार और लपटों को देखकर आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे इलाके में भारी अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
बिहार MLC चुनाव: जदयू-भाजपा ने उतारे प्रत्याशी
Bihar news: बिहार में विधान परिषद की 10 सीटों के लिए होने वाले आगामी चुनाव ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया है। नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून निकट है लेकिन अब तक किसी भी दल ने औपचारिक रूप से पर्चा दाखिल नहीं किया है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार NDA के सभी प्रत्याशी 8 जून को ही एक साथ अपना नामांकन पत्र भरेंगे। गठबंधन के सीट-बंटवारे के तहत जदयू को 4, भाजपा को 3 और LJP(R) व RLM को एक-एक सीट आवंटित की गई है। NDA के पास कुल 9 सीटें जीतने के लिए आवश्यक संख्या बल मौजूद है, जबकि विपक्षी दल राजद के खाते में एक सीट जाने के आसार हैं। नामांकन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति सुनिश्चित है।

