प्रमोद कुमार/कैमूर। चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौघरा-खरौड़ा मार्ग पर शुक्रवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मिट्टी से लदी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर के पलटने से उस पर सवार दो नाबालिगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर में अचानक आग लग गई, जिससे दोनों किशोर ट्रैक्टर के नीचे दबे होने के कारण आग की चपेट में आ गए।
क्या है पूरी घटना?
घटना शाम करीब 6:30 बजे की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मिट्टी लादकर एक ट्रैक्टर खरौड़ा की ओर से तेज रफ्तार में नौघरा की तरफ आ रहा था। इसी दौरान खरौड़ा और नौघरा गांव के बीच सड़क किनारे स्थित एक संकरी पईन (नाली) के पास चालक ने संतुलन खो दिया। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सीधे पईन में पलट गया। ट्रैक्टर का बोनट आगे की ओर था, जिस पर दो नाबालिग बैठे हुए थे। ट्रैक्टर पलटते ही वे नीचे दब गए और कुछ ही क्षणों में शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रैक्टर में भीषण आग लग गई।
पहचान और स्थिति
मृतकों की पहचान गांव नौघरा निवासी 14 वर्षीय मोहम्मद शैश (पिता: कलामुद्दीन अंसारी) और 16 वर्षीय सेचन अली (पिता: बबुआ धोबी) के रूप में हुई है। घटना इतनी भयावह थी कि ट्रैक्टर के चारों चक्के ऊपर हो गए और वह संकरी जगह में पूरी तरह फंस गया। आग लगने के कारण शव बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का रास्ता बेहद संकरा होने के कारण ट्रैक्टर को सीधे निकालने में कठिनाई हो रही थी। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि पुलिस बल मौके पर तैनात है। शवों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जेसीबी मंगवाई गई है। वहीं, घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

