Bihar Top News Today 05 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 05 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

अनंत सिंह को मनाने में जुटे ललन सिंह

पटना। ​बिहार की राजधानी पटना की राजनीति में इन दिनों जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर चल रहा घमासान चर्चा का विषय बना हुआ है। पार्टी के भीतर दो दिग्गज नेताओं, मोकामा विधायक अनंत सिंह और एमएलसी नीरज कुमार के बीच उपजे कड़वे विवाद को शांत करने और सुलह कराने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को सौंपी गई थी। इस सिलसिले में ललन सिंह ने विधायक अनंत सिंह से लंबी बातचीत की और उनका पक्ष जाना। बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने पार्टी नेतृत्व की कार्यप्रणाली और पुरानी घटनाओं को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर सामने रखी।

अभ्यर्थियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

पटना। बिहार दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द करने को लेकर विरोध कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। अभ्यर्थी सरकार और बीपीएसएससी से अपने फैसले पर विचार करने और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग करते हुए जेपी गोलबंर के पास जमा हुआ। इस दौरान छात्र पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और उनके बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिसके बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज कर दिया।

राहत सामग्री बांटने पहुंचे SHO ने तानी पिस्टल

छपरा। बिहार के सारण जिले के मकेर प्रखंड में बाढ़ राहत सामग्री वितरण के दौरान एक पुलिस अधिकारी द्वारा कथित तौर पर ग्रामीणों के ऊपर पिस्टल तानने का वीडियो सामने आया है। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक एसएसपी रोशन कुमार ने मकेर थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। निलंबन अवधि में संग्राम कुमार सिंह का मुख्यालय सारण जिला पुलिस लाइन होगा। रिपोर्ट के अनुसार यह घटना मकेर थाना क्षेत्र में हुई, जहां पर बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री बांटे जाने के दौरान जब वहां काफी स्थिति खराब हो गई। राहत सामग्री पाने को लेकर बाढ़ पीड़ितों के बीच हो हल्ला और हंगामा देख मौके पर मौजूद मकेर थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह राहत सामग्री बांटे जाने वाले वाहन पर चढ़ गए।
पहले उन्होंने चप्पल उठाकर भीड़ कि तरफ इशारा किया, इसके बाद जब भीड़ और चिल्लाने लगी तो उन्होंने अपनी पिस्टल निकालते हुए उसे भीड़ की तरफ तान दी।

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म

बेगूसराय। जिले से एक शर्मनाक खबर सामने आई है, जहां मंसूरचक थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने दूर के रिश्तेदार श्यामलाल महतो पर शादी का झांसा देकर महीनों तक शारीरिक शोषण करने, नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मंसूरचक थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गंडक का तटबंध टूटने पर 7 अभियंता निलंबित

पटना। गंडक नदी में आई बाढ़ और कई जिलों में तटबंध टूटने की घटनाओं को लेकर सम्राट सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। जल संसाधन विभाग ने लगातार कई जगहों पर तटबंध क्षतिग्रस्त होने के बाद मरम्मत की कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले 7 अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, मुजफ्फरपुर के मुख्य अभियंता के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बाढ़ की स्थिति को लेकर हुई समीक्षा बैठक के बाद इस कार्रवाई का आदेश दिया गया है।

दूध व्यवसायी पर हमला

वैशाली। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पातेपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक और मन के समीप रविवार की देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक दूध व्यवसायी पर लूट के इरादे से हमला कर दिया। बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने व्यवसायी के साथ लूटपाट का प्रयास किया और विरोध करने पर पिस्टल की बट से सिर पर मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

गिरफ्तार बंदी की इलाज के दौरान मौत

मोतिहारी। सदर अस्पताल मोतिहारी के नशा मुक्ति वार्ड में भर्ती एक बंदी सुदीश कुमार (45) की इलाज के दौरान मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक कोटवा थाना क्षेत्र के बड़हरवा कला का रहने वाला था। मौत के बाद युवक के परिजनों ने कोटवा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और हंगामा करना शुरू कर दिया।
परिजनों ने युवक की शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार करने के साथ ही न्याय की मांग करने लगे। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने सुदीश को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया था। जेल भेजे जाने के दौरान उसकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामा साधु यादव से मिलने पहुंची रोहिणी आचार्य

पटना। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य कल रविवार की रात अचानक अपने मामा साधु यादव के घर उनसे मिलने पहुंची। मामा साधु यादव और मामी ने भी भांजी रोहिणी आचार्य के घर पहुंचने पर खुशी जाहिर की। रोहिणी ने भी मामा-मामी के पैर छुकर उनका आशीर्वाद लिया। गौरतलब है विस चुनाव के बाद राबड़ी आवास में हुए पारिवारिक विवाद के बाद लगभग 11 महीने बाद रोहिणी आचार्य पटना लौटी हैं। भांजी रोहिणी आचार्य के घर पहुंचने पर मामा साधु यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, घर में बेटी या भांजी आती है, तो खुशी होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि उनकी भांजी रोहिणी आचार्य छपरा (सारण) से चुनाव लड़ेंगी और जीतकर लोकसभा जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे और पूरा परिवार चुनाव में उनका पूरा समर्थन करेंगे और साथ देंगे।

जदयू के नीरज कुमार ने किया नामांकन

पटना। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जदयू के निवर्तमान विधान पार्षद नीरज कुमार ने अपने सैकड़ों समर्थकों और एनडीए के बड़े नेताओं की मौजूदगी में अपना आधिकारिक नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर राजनीतिक गलियारों में खासा उत्साह देखा गया, और नामांकन स्थल के बाहर कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा।
​नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नीरज कुमार ने अपने विरोधियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जिस प्रकार उनके नामांकन में एनडीए के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ हजारों की संख्या में कार्यकर्ता अपनी मर्जी और खुद के पैसे खर्च करके पहुंचे हैं, वह इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि पूरा संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि कोई कुछ भी दावे करे, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि पार्टी का एक-एक सिपाही और नेता उनके पक्ष में एकजुट है, जिससे उनकी जीत पूरी तरह सुनिश्चित है।

कांग्रेस की 5 सीटों पर राजद से सीधी टक्कर

पटना। ​बिहार विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर होने वाले चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में महागठबंधन के भीतर सीट शेयरिंग को लेकर असहमति साफ नजर आ रही है। कांग्रेस ने अपने सभी पांच घोषित उम्मीदवारों के साथ मैदान में उतरते हुए आज अपना नामांकन दाखिल किया। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि कुल पांच सीटों पर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार आमने-सामने आ गए हैं, जिसे राजद भले ही ‘फ्रेंडली फाइट’ मान रहा हो, लेकिन कांग्रेस इसे सीधी टक्कर बता रही है।