Bihar Top News Today 05 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 05 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

38 उत्कृष्ट शिक्षकों को मिला राजकीय शिक्षक पुरस्कार

सहरसा/पटना। बिहार के 38 जिलों के उत्कृष्ट शिक्षकों को राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। ​पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और प्रेरणादायक कार्य करने वाले राज्य के सभी 38 जिलों के 38 सरकारी शिक्षकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने चयनित शिक्षकों को मंच पर मेडल, प्रशस्ति पत्र और सम्मान राशि प्रदान की। इस दौरान पूरे हॉल में शिक्षकों के योगदान को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।

प्रेमी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी किशोरी

पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र से शनिवार को एक 17 वर्षीय किशोरी अपने प्रेमी को पाने की जिद में अचानक एक ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। इस घटना के बाद इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई और तमाशजीवों की लंबी भीड़ जुट गई। घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान स्थानीय लोगों की सांसें अटकी रहीं, हालांकि पुलिस की सूझबूझ और लंबी समझाइश के बाद किशोरी को अंततः सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। ​शनिवार को नौबतपुर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने एक किशोरी को मोबाइल टावर की बहुत ऊंची रेलिंग पर बैठे देखा। देखते ही देखते टावर के नीचे भारी भीड़ जमा हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। किशोरी किसी युवक से प्रेम करती है और उसी को अपनी जिंदगी में हासिल करने की जिद पर अड़ी हुई थी। इसी सनक और आवेश में आकर उसने अपनी जान जोखिम में डालने वाला यह खतरनाक कदम उठाया। हालांकि, जिस युवक के लिए वह टावर पर चढ़ी थी, उसकी पहचान और इस प्रेम कहानी के अंदरूनी राज अभी पूरी तरह से उजागर नहीं हो सके हैं।

छात्रों की पिटाई करने पर शिक्षक निलंबित

बक्सर। जिले के सरकारी विद्यालयों में अनुशासन और बच्चों की सुरक्षा के मामलों पर शिक्षा विभाग की सख्ती लगातार जारी है। चौसा प्रखंड के अंतर्गत आने वाले बालिका मध्य विद्यालय रामपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार और पिटाई का मामला सामने आया था। इस गंभीर प्रकरण पर तुरंत संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा विभाग ने स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक विपिन कुमार को निलंबित कर दिया है। साथ ही, मामले की गहन विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

शिक्षक दिवस पर बिहार में शिक्षकों का प्रदर्शन

मोतिहारी। बिहार में शिक्षक दिवस का दिन इस बार उत्सव की बजाय विरोध और आक्रोश का गवाह बना। राज्यभर के सरकारी शिक्षकों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मोतिहारी में जोरदार प्रदर्शन किया। बिहार स्टेट टीचर्स एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों शिक्षक सड़कों पर उतरे और सरकार विरोधी नारे लगाए।
​शिक्षकों ने हाथों में बैनर और तख्तियां थामकर अपनी मुख्य दो सूत्री मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया। उनका कहना है कि उन्हें सातवें वेतनमान के तहत पूरा वेतन मिलना चाहिए और लंबे समय से बंद पड़ी पुरानी पेंशन योजना (OPS) को तुरंत बहाल किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी इन जायज मांगों पर जल्द विचार नहीं करती है, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी उग्र रूप ले लेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

सीएम सम्राट ने किया भागलपुर के राघोपुर बांध का दौरा

पटना। ​बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव से प्रभावित राघोपुर बांध का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया। ​निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार से मुलाकात की। मंत्री शैलेन्द्र कुमार पिछले एक हफ्ते से ऑन स्पॉट डटे हुए हैं और विभागीय अधिकारियों के साथ दिन-रात बांध की मरम्मत और सुरक्षा कार्यों की कमान संभाले हुए हैं। मुख्यमंत्री ने उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

26 अंचलों के CO और राजस्व अधिकारियों का वेतन रुका

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में प्रशासनिक सुस्ती और सरकारी कार्यों में लगातार बरती जा रही लापरवाही के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बेहद कड़ा रुख अपनाया है। जिले में हाल ही में संपन्न हुई सीडब्ल्यूसी (CWC) और एमजीसी (MGC) से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों व योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान यह बड़ी कार्रवाई सामने आई है। निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने में रुचि न दिखाने और काम में भारी कोताही बरतने के कारण जिले के कुल 26 अंचलों के अंचलाधिकारियों (CO) और राजस्व अधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक के लिए पूरी तरह से स्थगित कर दिया गया है। जिला प्रशासन के इस अचानक और सख्त कदम से पूरे राजस्व विभाग और अंचल कार्यालयों के महकमे में हड़कंप मच गया है।

बाढ़ पीड़ितों से मिले सांसद पप्पू यादव

पटना और दानापुर के बाढ़ प्रभावित दियारा क्षेत्र में इन दिनों जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है। नदियां उफान पर हैं और प्रशासन की शुरुआती सुस्ती के बीच जन प्रतिनिधि अब मैदान में उतरने लगे हैं। इसी कड़ी में पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दानापुर दियारा के बाढ़ ग्रस्त इलाकों का तूफानी दौरा किया। उन्होंने मोटरबोट के जरिए पानी से घिरे इलाकों में पहुंचकर सीधे पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने कई जरूरतमंद परिवारों को अपने पास से आर्थिक सहायता प्रदान की, ताकि वे इस विकट समय में अपनी तत्काल जरूरतें पूरी कर सकें।
​दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए बाढ़ हर साल तबाही लेकर आती है, लेकिन इस बार हालात और भी ज्यादा गंभीर बताए जा रहे हैं। सांसद पप्पू यादव ने संवाददाताओं और स्थानीय लोगों से चर्चा के दौरान कहा कि बाढ़ के पानी ने लोगों के घरों को अपनी आगोश में ले लिया है। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है और दिहाड़ी मजदूरों तथा किसानों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस आपदा की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं, बल्कि वे हर कदम पर उनके साथ खड़े हैं। आर्थिक मदद के साथ-साथ उन्होंने प्रशासन के माध्यम से भोजन, सूखा राशन, जीवन रक्षक दवाएं और अन्य जरूरी सामग्रियां तुरंत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

गले में कफन लपेटकर उतरे अतिथि शिक्षक

पटना। शिक्षक दिवस के पवित्र अवसर पर बिहार की राजधानी पटना की सड़कों पर एक हैरान करने वाली और राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली तस्वीर देखने को मिली। शिक्षक दिवस के दिन जहां एक तरफ देश भर में शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित हो रहे थे, वहीं बिहार में वित्तरहित और अतिथि शिक्षक अपनी बदहाल स्थिति के खिलाफ सड़कों पर उतरने को मजबूर थे। राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए इन शिक्षकों ने अनोखा और प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया, जिसमें उनके हाथ में भीख मांगने वाला कटोरा और गले में कफन लिपटा हुआ था।

बिहार में CBI जांच पर नई गाइडलाइन

बिहार सरकार ने राज्य में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी सीबीआई की जांच के दायरे को लेकर एक नया और अहम फैसला लिया है। इसके तहत अब राज्य में सीबीआई को किसी भी मामले में स्वतः जांच करने की खुली छूट नहीं होगी। नई व्यवस्था के तहत राज्य सरकार के कर्मचारियों या सरकार के नियंत्रण वाले संस्थानों से जुड़े मामलों में जांच शुरू करने से पहले राज्य सरकार की औपचारिक अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है। गृह विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।

AC फर्स्ट क्लास में 75 लीटर विदेशी शराब के साथ युवक-युवती गिरफ्तार

नई दिल्ली से जयनगर जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में समस्तीपुर रेलवे सुरक्षा बल ने ट्रेन के AC फर्स्ट क्लास कोच में सफर कर रहे एक युवक और एक युवती को भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ट्रेन यात्रियों और तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। ​आरपीएफ की शुरुआती जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। खाकी वर्दीधारी महिला सिपाहियों के बीच काले लिबास में खड़ी युवती को पहली नजर में देखने पर कोई भी धोखा खा सकता था। उसकी भव्य वेशभूषा और AC फर्स्ट क्लास के सफर को देखकर ऐसा प्रतीत होता था कि वह कोई उच्च अधिकारी या फैशन मॉडल हो। हालांकि, जब सुरक्षा बलों ने उसके पीछे छिपी हकीकत को खंगाला, तो वह शराब तस्करी का एक बड़ा मामला निकला। पुलिस के अनुसार, तस्कर कानून की नजरों से बचने और चेकिंग से दूर रहने के लिए एसी कोचों का इस्तेमाल कर रहे थे।